छह गांवों की 1334 हेक्टेयर जमीन पर बनेगा एयरपोर्ट
नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण में 1334 हेक्टेयर जमीन लगेगी। इसमें छह गांवों (दयानतपुर, रोही, पारोही, किशोरपुर, रन्हेरा व बनवारीवास) के किसानों की 1239.141 हेक्टेयर जमीन है। बाकी जमीन सरकारी है। इसमें से 998.1307 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा लिया जा चुका है। जबकि कुल 1028.55 हेक्टेयर जमीन का मुआवजा बांटा जा चुका है। अब तक 3167 करोड़ रुपये मुआवजा बांटा गया है।
वित्तीय निविदा में ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी कंपनी ने 400.97 रुपये प्रति यात्री राजस्व देने के प्रस्ताव के साथ बाजी मार ली। अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने 360 रुपये, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने 351 रुपये और एनकोर्ज इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड ने 205 रुपये प्रति यात्री राजस्व देने का प्रस्ताव किया। बता दें कि देश में पहली बार किसी एयरपोर्ट के निर्माण का टेंडर प्रति यात्री लाभांश के आधार पर निकाला गया है।
खास होगा एयरपोर्ट
- 5000 हेक्टेयर एरिया में होगा नोएडा एयरपोर्ट का निर्माण
- 29,560 करोड़ रुपये आएगी इसके निर्माण पर लागत
- 06 से 08 रनवे होंगे एयरपोर्ट के पूरी तरह निर्माण के बाद
- 01 नंबर पर होगा देश में रनवे की संख्या के हिसाब से
- 04 चरण में किया जाएगा नोएडा एयरपोर्ट का निर्माण पूरा
- 1334 हेक्टेयर एरिया में 4588 करोड़ रुपये से बनेगा पहला चरण
- 2023 में पहला चरण पूरा कर उड़ान संचालित करने की योजना
- 85 फीसदी जमीन का अधिग्रहण किसानों से हो चुका है पूरा
- 03 एयरपोर्ट हो जाएंगे दिल्ली-एनसीआर में निर्माण पूरा होते ही
- 02 जगह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल व हिंडन एयरपोर्ट से उड़ते हैं अभी विमान
अब वित्तीय निविदा का परिणाम दो दिसंबर को पीएमआईसी (प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग एंड इंप्लीमेंटशन कमेटी) की बैठक में रखा जाएगा। यहां से मंजूरी के बाद यह प्रस्ताव प्रदेश कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। वहां से मुहर लगते ही कंपनी को यह काम आवंटित कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में एक माह लग जाएंगे। उसके बाद दो माह में कंपनी काम शुरू कर सकती है।
- डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, नियाल
जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निविदा में सबसे आगे रहने की खुशी है। यहां बहुत संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास, यातायात के अच्छे विकल्प हैं। यहां का अनुभव अच्छा रहेगा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को जल्द ही 5 लाख करोड़ के पार ले जाने की बात कही है। इसलिए सबकुछ अच्छा रहेगा। यहां की सर्वे रिपोर्ट भी बेहतर आई हैं।
- डेनियन बर्चर, सीईओ, ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशल एजी