Nepal: प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने सरकारी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालय में सरकारी काम पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में रहते हुए शेयर बाजार में निजी कारोबार करना अनुचित है। इससे सरकारी कामकाज पर बुरा असर पड़ रहा है।
नेपाल सरकार ने देशभर के सभी सरकारी कार्यालयों में ड्यूटी के दौरान शेयर ट्रेडिंग सिस्टम (टीएमएस) के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने मंगलवार को इस फैसले की घोषणा की।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री ओली ने सरकारी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालय में सरकारी काम पर ध्यान दें। यह नया नियम तब लागू किया गया, जब प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को शिकायतें मिलीं कि कर्मचारी ड्यूटी के समय शेयर ट्रेडिंग कर रहे हैं। ओली ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, सरकारी कार्यालय में रहते हुए शेयर बाजार में निजी कारोबार करना अनुचित है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे सरकारी कामकाज पर बुरा असर पड़ रहा है।
सरकार ने सभी मंत्रालयों, आयोगों, सचिवालयों और स्थानीय स्तर के कार्यालयों में शेयर ट्रेडिंग सिस्टम के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि अब कार्यालय में केवल सरकारी काम ही करें। सरकार ने यह भी बताया कि एक तकनीकी टीम बनाई जा रही है, जो यह जांच करेगी कि सरकारी कार्यालयों में टीएमएस का उपयोग हो रहा है या नहीं।