फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेट एयरवेज के कर्मचारियों को बड़ी राहत: मिलेगा 480 करोड़ रुपये का बकाया, सात साल तक चली कानूनी लड़ाई

Thu, 26 Nov 2026 05:34 PM IST
निर्मल कांत बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

जेट एयरवेज के कर्मचारियों की सात साल की कानूनी लड़ाई आखिरकार रंग लाई। एनसीएलएटी ने ब्याज समेत 480 करोड़ रुपये का बकाया देने को मंजूरी दी। यह राशि कब तक कर्मचारियों के खाते में पहुंच जाएगी। पढ़िए इस रिपोर्ट में। 
विज्ञापन
जेट एयरवेज - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंद हो चुकी जेट एयरवेज के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। सात साल की कानूनी लड़ाई के बाद कर्मचारियों की जीत हुई है। राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने लंबे समय तक सेवा के बदले मिलने वाली रकम (ग्रेच्युटी) जारी करने की मंजूरी दे दी है। इस पर ब्याज भी मिलेगा। सभी कर्मचारियों को यह रकम दो सप्ताह के भीतर दी जाएगी। नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) ने गुरुवार को कंपनी के परिसमापक (लिक्विडेटर) को कर्मचारियों के लंबित ग्रेच्युटी और भविष्य निधि (पीएफ) बकाए के रूप में लगभग 480 करोड़ रुपए ब्याज सहित चुकाने का निर्देश दिया है। 

कर्मचारियों को कैसे मिलेगी रकम?

ग्रेच्युटी की रकम सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा करनी होगी। वहीं, भविष्य निधि यानी पीएफ का पैसा पीएफ कार्यालय के जरिये संबंधित खातों में जमा किया जाएगा।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: पूर्व सांसद आनंद मोहन को झटका: करना होगा आत्मसमर्पण, बिहार सरकार का फैसला सुप्रीम कोर्ट से रद्द

ग्रेच्युटी पाने का नियम क्या है?

कर्मचारी पांच साल की सेवा पूरी करने के बाद ग्रेच्युटी पाने के हकदार हो जाते हैं। इसकी गणना कर्मचारी के आखिरी वेतन के आधार पर होती है। 

कब बंद हुई थी जेट एयरवेज की उड़ानें? सुप्रीम कोर्ट ने क्या आदेश दिया था?

जेट एयरवेज की उड़ानें अप्रैल 2019 में बंद हो गई थीं। नवंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने जेट एयरवेज की संपत्तियों को बेचने का आदेश दिया था। अदालत ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपने 'असाधारण' अधिकारों का इस्तेमाल किया था। सुप्रीम कोर्ट ने न्यायाधिकरण के उस फैसले को रद्द कर दिया था, जिसमें समाधान योजना को मंजूरी दी गई थी। इस योजना के तहत जेट एयरवेज का मालिकाना हक एक समूह को सौंपा जाना था। लेकिन इस समूह ने कर्जदाताओं को पूरी रकम नहीं चुकाई थी।

एनसीएलएटी के आदेश में क्या कहा गया है?

आदेश में कहा गया है कि पात्र कर्मचारियों की ग्रेच्युटी राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी, जबकि भविष्य निधि (पीएफ) से संबंधित बकाया राशि पीएफ कार्यालय के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों के खातों में भेजी जाएगी। ट्रिब्यूनल ने यह भुगतान दो सप्ताह के भीतर करने को कहा है।

यह फैसला जेट एयरवेज के कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण जीत माना जा रहा है, जिन्होंने अपने वैधानिक बकाये के लिए लगभग सात वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी। हालांकि एनसीएलएटी के विस्तृत आदेश की प्रति अभी जारी नहीं हुई है।

विज्ञापन


नियमों के अनुसार, किसी कर्मचारी को लगातार पांच वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद उसके अंतिम वेतन के आधार पर ग्रेच्युटी का अधिकार प्राप्त होता है। वहीं, भविष्य निधि योजना के तहत कर्मचारी और नियोक्ता दोनों मूल वेतन का 12 प्रतिशत योगदान करते हैं और इस पर कर-मुक्त ब्याज भी मिलता है।

पूर्व में विभिन्न न्यायिक निर्णयों में यह स्पष्ट किया जा चुका है कि कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और पीएफ से जुड़ी देनदारियां सामान्य परिसमापन प्रक्रिया से अलग होती हैं। इसलिए अन्य लेनदार इन भुगतानों को रोक नहीं सकते और न ही इन्हें अपने दावों के पीछे धकेला जा सकता है।

30 जून के फैसले में कर्मचारियों को क्या कहा गया था?

गौरतलब है कि एनसीएलएटी ने 30 जून के अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में भी कहा था कि जेट एयरवेज के कर्मचारियों को उनका पूरा पीएफ और ग्रेच्युटी बकाया मिलेगा, भले ही एयरलाइन ने इन निधियों को अलग से सुरक्षित नहीं रखा हो।

उस समय ट्रिब्यूनल ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और अन्य वित्तीय लेनदारों की अपीलों को भी खारिज कर दिया था। इन लेनदारों का तर्क था कि कर्मचारियों के ये दावे परिसमापन संपत्ति का हिस्सा माने जाने चाहिए, लेकिन ट्रिब्यूनल ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

जेट एयरवेज को अप्रैल 2019 में बंद कर दिया गया था। इसके बाद लंबी दिवाला समाधान प्रक्रिया चली। नवंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने जेट एयरवेज के एसेट्स को लिक्विडेट करने का आदेश दिया था। सर्वोच्च न्यायालय ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपने विशेष अधिकारों का उपयोग करते हुए उस समाधान योजना को रद्द कर दिया था, जिसके तहत सभी लेनदारों को पूर्ण भुगतान किए बिना कंपनी का स्वामित्व एक कंसोर्टियम को सौंपा जा रहा था।

उल्लेखनीय है कि नरेश गोयल द्वारा स्थापित जेट एयरवेज ने मई 1993 में चार लीज पर लिए गए बोइंग 737-300 विमानों के साथ वाणिज्यिक संचालन शुरू किया था। वर्ष 1995 में उसे शेड्यूल्ड एयरलाइन का दर्जा मिला, जिससे उस समय सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन एयरलाइंस के चार दशक पुराने घरेलू एकाधिकार को चुनौती मिली थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें