मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी
- फोटो : पीटीआई
अंबानी और अदाणी की संपत्ति में बीते कुछ महीनों में दिखी गिरावट
साल 2024 की बात करें तो एलन मस्क की संपत्ति में अब तक 245 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। आप यह जानकार चौंक जाएंगे कि जितनी राशि एलन मस्क ने केवल इस साल कमा ली है, वह भारत के शीर्ष दो कारोबारी मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी की संयुक्त संपत्ति का भी लगभग डेढ़ गुना है। अंबानी और अदाणी की संपत्ति में बीते कुछ महीनों के दौरान बड़ी गिरावट दिखी है, दोनों की नेटवर्थ 100 अरब डॉलर से नीचे आ गई है।
दुनिया के अरबपतियों की सूची में अंबानी और अदाणी कितने नंबर पर?
दुनिया के अरबपतियों की सूची ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार मुकेश अंबानी 96.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 17वें नंबर पर हैं। दूसरी ओर, गौतम अदाणी 80.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 19वें नंबर पर हैं। इस साल मुकेश अंबानी की संपति में 55.5 मिलियन डॉलर की गिरावट आई है। वहीं दूसरी ओर, गौतम अदाणी की संपत्ति इस वर्ष 3.52 अरब डॉलर घटी है। 2024 में एलन मस्क की कमाई की बात करें तो उनकी संपत्ति में इस साल अब तक 245 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। जो अंबानी और अदाणी की संयुक्त संपत्ति 177.1 अरब डॉलर की तुलना में करीब-करीब डेढ़ गुना है।
एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : ANI
एक साल में एलन मस्क की संपत्ति कितनी बढ़ी?
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की संपत्ति में बीते कुछ समय में बड़ा इजाफा देखने को मिला। एलन मस्क ने हाल ही में संपन्न हुए अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के पक्ष में खुलकर प्रचार किया था। ट्रंप की जीत के बाद मस्क के कंपनियों के शेयरों में बड़ा उछाल दिखा। 05 नवंबर 2024 को एलन मस्क की नेटवर्थ करीब 260 अरब डॉलर थी जो ट्रंप की जीत के बाद महज एक डेढ़-महीने में ही 214 अरब डॉलर बढ़कर 474 अरब डॉलर के पार पहुंच गई। इस वर्ष मस्क की संपत्ति 107.1% तक बढ़ चुकी है।
मस्क की संपत्ति में बड़े उछाल का क्या है कारण?
मस्क की संपत्ति में इजाफे का सबसे बड़ा कारण उनकी कंपनियों टेस्ला और स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी है। डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद टेस्ला के शेयरों में जबरदस्त उछाल है। शेयर लगातार उड़ान भर रहे हैं। इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला में एलन मस्क की 13% के करीब हिस्सेदारी है। स्पेस सेक्टर में काम करने वाली कंपनी स्पेसएक्स में मस्क की लगभग 42% हिस्सेदारी है। टेस्ला के शेयर बीते एक महीने के दौरान 36% तक मजबूत हुए हैं, दूसरी ओर स्पेसएक्स में भी इनसाइडर ट्रेडिंग डील से कंपनी का वैल्यूएशन करीब 350 अरब डॉलर के पार चला गया है। जिससे मस्क की संपत्ति पर खासा सकारात्मक असर पड़ा है।