विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी इन दिनों दक्षिण अमेरिका की आठ दिवसीय यात्रा पर है और इस दौरान उन्होंने चिली का दौरा किया। यहां उन्होंने चिली के व्यापार प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात भी की। इस मुलाकात के दौरान द्विपक्षीय सहयोग और निवेश के अवसरों पर चर्चा की गई।
मंत्रालय द्वारा इस मुलाकात की जानकारी ट्विटर पर दी गई। इसमें कहा गया कि चिली के व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत बेहद अच्छी रही, इसे आयोजित करने के लिए चिली उद्योग संघ के अध्यक्ष रिचर्ड वॉन एपेन को धन्यवाद। व्यापारी प्रतिनिधिमंडल के साथ व्यापार और वाणिज्य, निवेश के अवसरों में हमारे बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की गई। बयान में कहा गया कि चिली की कंपनियों के लिए भारत के साथ व्यापार करना लाभकारी होगा।
अपनी यात्रा के दौरान मीनाक्षी लेखी ने चिली की संसद का भी दौरा किया और संसदीय सत्र में भाग भी लिया। MoS ने चैंबर ऑफ डेप्युटीज (चिली संसद में निचला सदन) के अध्यक्ष राउल सोटो डिपुटाडो के साथ भी कई मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों ने भारत और चिली के बीच बढ़ती साझेदारी पर गहन बातचीत की। इस बीच लेखी ने भारत-चिली संसदीय मैत्री समूह की अध्यक्ष, संसद सदस्य सिकार्डिनी से भी मुलाकात की और उनके बीच महिला सशक्तिकरण और बच्चों की देखभाल को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। बता दें कि मीनाक्षी लेखी 28 अप्रैल से पनामा, होंडुरास और चिली की आधिकारिक यात्रा पर हैं और यह यात्रा आज समाप्त होने वाली है।