शेयर बाजार में पिछले सप्ताह उतार-चढ़ाव के बावजूद देश की सबसे ज्यादा बाजार पूंजीकरण वाली 10 कंपनियों में से चार के कुल बाजार मूल्य में 1.43 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सबसे बड़ा लाभ पाने वाला रहा। वहीं, छह कंपनियों के बाजार मूल्य में कुल 1.23 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत चढ़कर मजबूत हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी में 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें-
आम जनता को राहत, कारोबारियों पर भी नहीं पड़ेगा बोझ: UPI चार्ज का क्या है पूरा गणित? सरकार ने किया साफ
रिलायंस ब्रोकिंग के एसवीपी-रिसर्च अजित मिश्रा के मुताबिक, सप्ताह के दौरान बाजार में उतार-चढ़ाव काफी रहा, लेकिन इसके बावजूद प्रमुख सूचकांकों में मामूली बढ़त रही। निवेशकों की नजर एफएंडओ शेयरों के लिए नए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (सीएएस) की शुरुआत, भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति के फैसले और वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं पर रही।
एसबीआई को सबसे ज्यादा फायदा
शीर्ष-10 कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक के बाजार पूंजीकरण में सबसे ज्यादा 63,922.03 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ बैंक का कुल बाजार मूल्य बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्य 32,816.40 करोड़ रुपये बढ़कर 18,01,925.19 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के बाजार पूंजीकरण में 31,875.35 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और यह 8,87,770.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लार्सन एंड टुब्रो के बाजार मूल्य में भी 14,637.76 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 5,56,482.45 करोड़ रुपये हो गया।
छह कंपनियों को नुकसान
दूसरी ओर, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार मूल्य में सबसे ज्यादा गिरावट आई। इसका बाजार पूंजीकरण 40,543.23 करोड़ रुपये घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपये रह गया। बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्य 37,168.96 करोड़ रुपये घटकर 6,73,648.55 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, एचडीएफसी बैंक के बाजार पूंजीकरण में 24,183.16 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 11,27,967.47 करोड़ रुपये रह गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्य 9,507.67 करोड़ रुपये घटकर 10,20,370.63 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 7,581.65 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 12,22,423.98 करोड़ रुपये रह गया। इसी तरह हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का बाजार मूल्य 4,793.16 करोड़ रुपये घटकर 4,88,808.97 करोड़ रुपये हो गया।
यह भी पढ़ें-
शहरी सहकारी बैंक: अमित शाह ने दिया बदलाव का मंत्र, आरबीआई ने भी बढ़ाये हाथ; कैसे मझेगी बैंकिंग की धार?
सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद क्रमशः भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान है। कुल मिलाकर, पिछले सप्ताह बाजार में तेजी का फायदा शीर्ष 10 में शामिल चार कंपनियों को मिला, जिसमें एसबीआई का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा, जबकि छह कंपनियों के शेयरों में गिरावट के कारण उनके बाजार मूल्य में बड़ी कमी दर्ज की गई।