बीएसई के डाटा के अनुसार, सरकार ने इस आईपीओ के जरिए 16,20,78,067 शेयर बिक्री के लिए रखे थे, लेकिन चौथे ही दिन इसे निवेशकों की ओर से 24,33,13,395 शेयरों बोली मिल चुकी है यानी 1.5 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
देश के सबसे बड़े एलआईसी आईपीओ के प्रति निवेशकों का उत्साह बना हुआ है। इसके लिए बोली लगाने का शनिवार को चौथा दिन था और अब तक इसे 1.5 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। यहां बता दें कि इश्यू खुलने के दूसरे दिन ही 100 फीसदी सब्सक्राइब्ड हो चुका था। इसके अलावा तीसरे दिन शुक्रवार को रिटेल हिस्सा भी पूरा बुक हो चुका था।
विज्ञापन
एलआईसी का आईपीओ नौ मई तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। बता दें कि सरकार पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल इस आईपीओ के जरिए अपने स्वामित्व वाली देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी में 3.5 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है। इस आईपीओ के जरिए सरकार की योजना बाजार से 21 हजार करोड़ रुपये जुटाने की है। जिस तरह से निवेशकों की प्रतिक्रिया इस आईपीओ को मिल रही है उस हिसाब से ये आईपीओ सफल माना जा सकता है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के डाटा के अनुसार, सरकार ने इस आईपीओ के जरिए 16,20,78,067 शेयर बिक्री के लिए रखे थे, लेकिन चौथे ही दिन इसे निवेशकों की ओर से 24,33,13,395 शेयरों बोली मिल चुकी है यानी 1.5 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इसके अलावा चौथे दिन तक की बात करें तो क्यूआईबी का हिस्सा 0.67 गुना, जबकि गैर संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) का हिस्सा 0.87 गुना सब्सक्राइब्ड हो चुका है।
विज्ञापन
यहां बता दें कि पहली बार कोई आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए शनिवार और रविवार को भी खुला है। दरअसल, निवेशकों को आकर्षित करने और उन्हें इस सबसे बड़े आईपीओ में निवेश का मौका देने के लिए यह सुविधा प्रदान की गई है। इसके अलावा एलआईसी आईपीओ के लिए एसबा (खाते में ब्लॉक की गई राशि के जरिए समर्थित आवेदन) सुविधा देने वाली बैंक शाखाओं को रविवार को भी खोले रखने का आदेश भी आरबीआई ने दिया है। हालांकि, इस आदेश का बैंक यूनियन विरोध कर रहे हैं।