देश के सबसे बड़े एलआईसी के आईपीओ की शेयर आवंटन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब निवेशकों को कंपनी के शेयर स्टॉक मार्केट में लिस्ट होने का इंतजार है। रिपोर्ट के अनुसार, शेयरों का आवंटन आईपीओ के लिए निर्धारित प्राइस बैंक की अपर रेंज यानी 949 रुपये पर हुआ है।
17 मई को हो सकती है लिस्टिंग
चार मई के खुला एलआईसी का आईपीओ नौ मई को बंद हुआ था। शनिवार और रविवार को भी निवेशकों को इस आईपीओ में हिस्सेदारी खरीदने का मौका दिया गया था। बता दें कि सरकार ने अपने पूर्ण स्वामित्व वाली एलआईसी में आईपीओ के माध्यम से 3.5 फीसदी हिस्सेदारी बेची है। विदेशी निवेशकों को छोड़ दें तो इस आईपीओ को सभी निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने आईपीओ के जरिए करीब 20,500 करोड़ रुपये जुटाए हैं। अब 17 मई को एलआईसी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
शानदार लिस्टिंग की उम्मीद कम
ग्रे मार्केट प्रीमियम को देखें तो एलआईसी के आईपीओ की शानदार लिस्टिंग की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। इस आईपीओ के लिए शेयरों की कीमत 902-949 रुपये निर्धारित की गई थी। आईपीओ पेश किए जाने से पहले एलआईसी का ग्रे मार्केट प्रीमियम 92 रुपये के स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन इस समय इसका जीएमपी टूटकर 25 रुपये के डिस्काउंट में चल रहा है। इससे उम्मीद लगाई जा रही है कि एलआईसी का इश्यू बाजार में डिस्काउंट पर लिस्ट हो सकता है।
इस तरह चेक कर सकते हैं स्थिति
बोलीदाता शेयर आवंटन की स्थिति को घर बैठे ऑनलाइन आसानी से चेक कर सकते हैं। यह सुविधा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज बीएसई की आधिकारिक वेबसाइट bseindia.com पर मौजूद है। महज कुछ स्टेप में आप इस तरह से आवंटन की स्थिति का पता लगा सकते हैं।
- http://bseindia.con/investors/appli_check.aspx पर लॉगइन करें
- नए पेज पर LIC IPO का चयन करें और आईपीओ आवेदन नंबर दर्ज करें
- इसके बाद मांगी गई जगह पर अपनी पैन डिटेल भरें
- अब कैप्चा (i am not a robot) ऑप्शन पर क्लिक करें
- इसके बाद नए पेज पर दिखाई दे रहे सब्मिट ऑप्शन पर क्लिक कर दें