बेसिक पॉलिसी की समस्याएं
हमारे यहां सरकारों ने हालांकि अस्पतालों के लिए कोविड-19 के इलाज की फीस की सीमा तय कर दी है, लेकिन वास्तविकता यही है कि इसके इलाज का खर्च बहुत ज्यादा आ रहा है। कोरोना के इलाज के लिए अस्पताल में एक सप्ताह से 10 दिन तक रहने का खर्च बीमारी की गंभीरता के अनुपात में पांच से आठ लाख रुपये है। लेकिन इस खर्च का बड़ा हिस्सा मेडिकल कनज्यूमेबल-यानी मास्क, दस्ताने, सैनिटाइजर आदि के तहत है, जिसे हेल्थ इंश्योरेंस कवर नहीं करता। दरअसल कोई भी बेसिक हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी किसी खास बीमारी के इलाज के दौरान या अस्पताल में भर्ती होने पर मेडिकल कनज्यूमेबल का खर्च कवर नहीं करता।
कोरोना के इलाज में होने वाले खर्च का बड़ा हिस्सा पीपीई किट्स, मास्क, फेस शील्ड, सैनिटाइजर जैसे मेडिकल कनज्यूमेबल का खर्च है। सच्चाई यह है कि अस्पताल में कोरोना का इलाज कराने पर 40 से 50 फीसदी खर्च मेडिकल कनज्यूमेबल का होता है। यानी एक बेसिक हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी कोरोना के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती होने का खर्च तो कवर करेगी, लेकिन हेल्थ इंश्योरेंस का ढांचा ही इस तरह का है कि यह इलाज के दौरान अस्पताल का पूरा खर्च कवर नहीं करता। ऐसी स्थित में रमेश शंकर को या तो इलाज का आधा खर्च अपनी जेब से चुकाने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए या फिर उन्हें कोरोना स्पेशल हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी लेनी चाहिए।