अगर आप नाश्ते की बात करें तो फिर इंदौर के पोहा के आगे सभी फेल हैं। वैसे तो पोहा देश भर के कई राज्यों खासकर मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, यूपी के कुछ हिस्सों और दिल्ली-एनसीआर में मिलता है, लेकिन स्वाद के मामले में इनमें वो बात नहीं है जो कि इंदौर के पोहे में है।
मध्य प्रदेश के ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत इसी डिश से होती है। ये डिश ना सिर्फ एमपी के लोगों का दिल जीत चुकी है बल्कि कई उत्तर भारतीय राज्यों में भी इसका स्वाद लोगों की जुबांन पर रहता है। पोहे के ऊपर डली सेंव, मीठा नीम (कड़ी पत्ता), कच्चे प्याज व तली मूंगफली के दानों से इसको दिन की शुरुआत के लिए सबसे बढ़िया माना जाता है।
मावा जलेबी का भी गजब का स्वाद
मुगल काल में "दक्षिण के प्रवेश द्वार" के रूप में मशहूर ऐतिहासिक शहर बुरहानपुर की जलेबी मावे (खोवा) से बनती है। मुंह में पानी ला देने वाली अनोखी मिठास के लिए यह व्यंजन दूर-दूर तक मशहूर है। मावे की जलेबी बुरहानपुर की मीठी विरासत है और इस पारम्परिक व्यंजन पर उनके गृह क्षेत्र का दावा बेहद मजबूत है।