अमेरिका के सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग ( US Customs and Border Protection) ने आव्रजन उपयोगकर्ता शुल्क (Immigration User Fee) के भुगतान में देरी के लिए इंडिगो एयरलाइंस पर 5,832.60 डॉलर (488333.27 रुपये) का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने नियत तारीख (गैर-इंटरलाइनेबल टैक्स) के बाद आव्रजन उपयोगकर्ता शुल्क के भुगतान के लिए जुर्माना लगाया है। कंपनी जुर्माने में छूट हासिल करने की कोशिश कर रही है। कंपनी ने गुरुवार को एक नियामकीय फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। कंपनी ने कहा है कि इसके वित्तीय, संचालन या अन्य गतिविधियों पर इसका कोई भौतिक प्रभाव नहीं पड़ा। इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर गुरुवार को बीएसई पर 1.22 फीसदी की तेजी के साथ 4,430.50 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए। इंडिगो को अमेरिकी प्राधिकरण से जुर्माने के बारे में 24 जुलाई को सूचना मिली थी
इस्तांबुल में फंसे इंडिगो के 200 यात्री
एक अलग घटनाक्रम में, गुरुवार (25 जुलाई) को एयरलाइन को 200 यात्रियों को इस्तांबुल हवाई अड्डे पर इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने इसकी ऑनलाइन आलोचना की। दरअसल, दिल्ली के लिए इंडिगो की उड़ान को 12 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया था। विमान में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को देर तक इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों ने उड़ान में देरी की आलोचना की
देरी से चल रही उड़ान 6ई 12 के एक यात्री हृदय मदान ने एक्स पर एक पोस्ट में अपनी परेशानी साझा करते हुए कहा, "इंडिगो एयरलाइंस की बिल्कुल दयनीय सेवा। मैं और मेरी पत्नी मिलान से इस्तांबुल इंडिगो-तुर्की एयरलाइंस (6E 4156) के साथकोडशेयर बुकिंग के जरिए लौट रहे हैं। 6E 12 से आगे दिल्ली के लिए हमें जाना है। हम इस्तांबुल में दोपहर 3 बजे उतरे और अब हमारी कनेक्टिंग फ्लाइट में देरी हो गई है। एक अन्य यात्री गोविंद कनकन ने लिखा, 'इस्तांबुल से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए इस्तांबुल हवाई अड्डे पर दयनीय स्थिति। तुर्की इंडिगो 6ई-12 की उड़ान में अब छह घंटे से अधिक की देरी हुई है और ऑपरेटर लापरवाह है। हवाई अड्डे पर यात्रियों को दिया जाने वाला भोजन बासी है।
इंडिगो ने बयान जारी कर खेद जताया
इंडिगो ने एक बयान जारी कर यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। बयान में कहा गया है, "यात्रियों को देरी के बारे में सूचित किया गया, जलपान परोसा गया और हवाई अड्डे पर प्रतीक्षा समय को कम करने के लिए आवश्यक व्यवस्था तुरंत की गई।