विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत अपने इस संकल्प पर कायम है कि भगोड़ों को देश वापस लाया जाए। इसके साथ ही मंत्रालय ने कहा कि धोखाधड़ी के मामले में वांछित मेहुल चोकसी को वापस लाने के लिए सारी कोशिशें जारी रखी जाएंगी। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेसवार्ता में कहा, ‘वह (चोकसी) अभी डोमिनिका में हिरासत में है जहां कुछ कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं । हम सारी कोशिशें जारी रखेंगे ताकि उसे (चोकसी को) भारत वापस लाया जाए।’
उल्लेखनीय है कि मेहुल चोकसी हाल ही में एंटीगुआ एवं बारबूडा से फरार हो गया था और उसे कैरिबियाई द्वीपीय देश में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए 23 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ डोमिनिका में कानूनी प्रक्रिया चल रही है। चोकसी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 13,500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में वांछित है। डोमिनिका के एक मजिस्ट्रेट ने भगोड़े हीरा कारोबारी चोकसी को जमानत देने से इनकार कर दिया है।