दो दिन के हल्के कारोबार के बाद शेयर बाजारों में गुरुवार को जोरदार तेजी रही जिसमें सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक रिकार्ड ऊंचाई पर बंद हुए। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी के साथ मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों के बेहतर प्रदर्शन से भी बाजार को मजबूती मिली।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स मजबूती के साथ खुला और पूरे कारोबार के दौरान तेजी बनी रही। अंत में यह 382.95 अंक यानी 0.70 फीसदी बढ़त के साथ रिकार्ड 52,232.43 अंक पर बंद हुआ। इससे पूर्व, सूचकांक इस साल 15 फरवरी को 52,154.13 के रिकार्ड स्तर पर बंद हुआ था।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 114.15 अंक यानी 0.73 फीसदी मजबूत होकर अब तक के उच्चतम स्तर 15,690.35 अंक पर बंद हुआ।