देश में गर्मी की शुरूआत से ही पारा बढ़ने लगा है। इस बीच भारत में एयर कंडीशनर को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। इसमें कहा गया है कि देश में 2035 तक नए रूम एसी की संख्या 15 करोड़ बढ़ जाएगी।
भारत में अगले दशक में रूम एयर कंडीशनर (एसी) की संख्या में 13-15 करोड़ की बढ़ोतरी होगी। इससे 2035 तक देश की अधिकतम बिजली मांग 180 गीगवाट से अधिक बढ़ सकती है, जो कुल अनुमानित मांग का 30 फीसदी है। इससे देश में बिजली संकट उत्पन्न हो सकता है।
विज्ञापन
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के भारत ऊर्जा एवं जलवायु केंद्र (आईईसीसी) के अध्ययन में कहा गया, भारत अगले 10 वर्षों में कमरे के एसी की ऊर्जा दक्षता को दोगुना कर गंभीर बिजली संकट से बच सकता है और ग्राहकों को 2.2 लाख करोड़ रुपये तक की बचत करा सकता है। अध्ययन के मुताबिक, बिजली की मांग बढ़ाने में एसी की सबसे अधिक भूमिका होती है। आर्थिक विकास और एसी की बढ़ती मांग के कारण भारत की कुल बिजली खपत में घरेलू क्षेत्र का हिस्सा 2012-13 के 22 फीसदी से बढ़कर 2022-23 में 25 फीसदी हो गया है।
चालू वित्त वर्ष में बिकेंगे 14 लाख एसी
गर्मी जल्द शुरू होने से चालू वित्त वर्ष में देश में 14 लाख यूनिट एसी बिकने की उम्मीद है। 2025-26 में बिक्री 30 फीसदी बढ़कर 18 लाख पहुंच सकती है। गोदरेज एंटरप्राइजेज के एप्लायंसेज कारोबार के प्रमुख कमल नंदी ने कहा, गर्मियों के जल्द शुरू होने से एसी की मांग 30-35 फीसदी बढ़ सकती है। इसे देखते हुए नए उत्पाद लॉन्च किए गए हैं।