लैपटॉप, डेस्कटॉप समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उत्पादन करने वाली चीनी कंपनी लेनोवो और उसके कुछ सहयोगियों पर टैक्स चोरी और टैक्स में हेरफेर का आरोप है। आयकर विभाग की टीम ने कंपनी के बंगलूरू, गुरुग्राम के दफ्तरों में तलाशी ली। विभाग ने कर्मचारियों के लैपटॉप की भी जांच की। इस तलाशी पर कंपनी ने कहा कि हम जिस भी क्षेत्र में कारोबार करते हैं, वहां सभी लागू कानूनों, विनियमों का सख्ती से पालन कर रहे हैं।
कर अधिकारियों ने तमिलनाडु में फ्लेक्स लिमिटेड के प्लांट का भी दौरा किया। सभी कंपनियों पर चोरी करने और गलत इनपुट जमा करने का आरोप है। कंपनियां कर चोरी के लिए फर्जी तरीके अपना रही थीं।
सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग ने पूछताछ के तहत लेनोवो के वरिष्ठ प्रबंधन से संपर्क करने की भी कोशिश की। 2022-23 में लेनोवो का भारत में कुल राजस्व 1.9 अरब डॉलर था। इसकी बाजार हिस्सेदारी 17 फीसदी थी। लेनोवो करीब 160 से ज्यादा देशों में अपने उत्पादों की बिक्री करती है। इससे पहले जुलाई में आयकर विभाग ने मुंबई, पुणे और नोएडा में चीन की घरेलू उपकरण बनाने वाली हायर के दफ्तरों में तलाशी ली थी।