पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हुए जानलेवा हमले और देश में अनिश्चित माहौल के बीच शुक्रवार को वहां के निवेशक सहम गए हैं। जुमे के दिन कराची स्टॉक एक्सचेंज लाल निशान पर कारोबार करते हुए 300 अंकों की कमजोरी के साथ बंद हुआ। पाकिस्तानी मुद्रा भी डॉलर के मुकाबले कमजोर हो गया है।
70 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर गुरुवार को एक सभा के दौरान गोलीबारी की गई थी। इस घटना में एक गोली इमरान के दाहिने पैर में लगी थी। हमरान खान पर यह हमला पंजाब प्रांत के वजीराबाद इलाके में किया गया था। वहां वह सरकार के खिलाफ एक प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे।
शुक्रवार के दिन केएसई-100 इंडेक्स लाल निशान पर खुला था। बाजार में कारोबार शुरू होने के बाद यह नीचे ही फिसलता गया। दिन के मध्य तक यह 306.45 अंकों यानी 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 41,784.26 अंकों पर पहुंच गई।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर हो गया। बाजार की शुरुआत में यह हरे निशान पर 225.75 अंकों पर कारोबार करता दिखा। एक फॉरेन करेंसी डीलर का कहना है कि बाजार का रुझान मंदी की ओर है क्योंकि यह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं है कि आने वाले कुछ दिनों में क्या होने जा रहा है?
एक कैपिटल इन्वेस्टमेंट फर्म के इक्विटीज हेड मोहम्मद जुबैर का कहना है कि जब तक देश की राजनीति के बारे में सब कुछ साफ नहीं हो जाता है तब तक बाजार में कोई भी निवेश मुश्किल है। उनका मानना है कि देश में हर कोई इमरान खान और उनकी पार्टी की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है। हम देखना चाहते हैं कि क्या इमरान खान देश की सत्ता के खिलाफ आने वाले दिनों में राजनीतिक प्रतिरोध और तेज करते हैं या नहीं? अगर ऐसा होतेा है तो देश की आर्थिक स्थिति और खराब होगी।
विश्लेषकों ने उल्लेख किया कि सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अब्दु लजीज अल-सऊद की देश की आगामी यात्रा और प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ की चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी परियोजनाओं) को पुनर्जीवित करने के लिए हाल ही में चीन की यात्रा के कारण, खान की हत्या के प्रयास से पहले बाजार ने सकारात्मक संकेत दिए थे।
इमरान खान की पार्टी पीटीआई के मुताबिक जनलेवा हमले के बाद पूर्व पीएम को सड़क मार्ग से उनके अपने शौकत खानम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका एक ऑपरेशन किया गया, फिलहाल उसके बाद उनकी हालत स्थिर है। उनकी पार्टी ने साथ ही यह भी कहा है कि इमरान अपना विरोध मार्च जारी रखने के लिए दृढ़ हैं।
शौकत खानम अस्पताल के डॉक्टरों ने इमरान खान के स्वास्थ्य की हेल्थ बुलेटिन जारी की
वहीं, शौकत खानम अस्पताल के डॉक्टरों ने मेडिकल बुलेटिन में बताया है कि इमरान खान को चलने और शौचालय का उपयोग करने की अनुमति दे दी गई है। पीटीआई अध्यक्ष अस्पताल से छुट्टी मांग रहे थे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें एक दिन के आराम की सलाह दी है।
अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि इमरान खान को और टेस्ट कराने की जरूरत नहीं है, उन्हें कुछ भी खाने-पीने से भी नहीं रोका गया है। मेडिकल बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, इमरान खान के दाहिने पैर का दो घंटे तक ऑपरेशन किया गया, अध्यक्ष पीटीआई को पैर में चार चोटें आईं, हड्डी में कोई क्षति नहीं हुई।