इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने दिल्ली एनसीआर में रहने वालों लोगों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने बुधवार से दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में 90 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले 15 महीनों में यह सातवीं बार बढ़ोतरी की गई है।
कंपनी ने दिल्ली में 90 पैसे, यूपी में एक रुपया और हरियाणा में 95 पैसे की बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 46.60 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में नई कीमत 52.95 रुपये प्रति किलो हो गई है।
हालांकि आईजीएल ने घरों में सप्लाई होने वाली पाइप नेचुरल गैस की कीमतों में किसी तरह की कोई बढ़ोतरी नहीं की है। कंपनी ने कहा है कि रात में 12 बजे से लेकर के सुबह छह बजे तक गैस भरवाने पर पहले की तरह 1.50 रुपये प्रति किलो की छूट मिलती रहेगी। आईजीएल के पूरे एनसीआर में 500 सीएनजी स्टेशन हैं, जहां से 10.5 लाख गाड़ियों में सीएनजी भरी जाती है। वहीं 11.20 लाख घरों में पीएनजी की सप्लाई होती है।