आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया की ओर से वर्ष 2022 के लिए जारी रिच लिस्ट में भी गौतम अदाणी 10.94 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर काबिज हो गए हैं। जबकि पिछले वर्ष लिस्ट में पहले नंबर पर रहे मुकेश अंबानी इस वर्ष की लिस्ट में 7.94 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। हुरुन इंडिया की ओर से जारी इस लिस्ट में करोड़पतियों के बारे में राज्यवार भी जानकारी दी गई है। आइए जानते हैं किस राज्य से कितने धनकुबेरों को अमीरों की इस लिस्ट में जगह दी गई है?
आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया की लिस्ट के अनुसार देश के सबसे ज्यादा अमीर महाराष्ट्र में रहते हैं। महाराष्ट्र राज्य से इस लिस्ट में 335 अरबपतियों को जगह मिली है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 33 अधिक है। बता दें कि वर्ष 2018 की लिस्ट में इस लिस्ट में महाराष्ट्र से 271 अरबपतियों को शामिल किया गया था। महाराष्ट्र के बाद लिस्ट में सबसे ज्यादा अरबपति दिल्ली से हैं। पिछले वर्ष की तुलना में दिल्ली से लिस्ट में शामिल किए गए अरबपतियों में 18 लोग बढ़े हैं। देश की राजधानी से लिस्ट में 185 लोगों का नाम है। वहीं, लिस्ट के अनुसार कर्नाटक में 94, गुजरात में 86, तमिलनाडु में 79, तेलंगाना में 70, पश्चिम बंगाल में 38, हरियाणा में 29, उत्तर प्रदेश में 25, राजस्थान में 16, केरल में 15, आंध्र प्रदेश में आठ, पंजाब में सात, मध्य प्रदेश में छह, झारखंड और बिहार में चार-चार, छत्तीसगढ़ व ओडिसा में तीन-तीन, उत्तराखंड में दो जबकि चंडीगढ़ में एक अरबपति रहते हैं।
हुरुन इंडिया की रिच लिस्ट के अनुसार देश में सबसे ज्यादा अमीर महाराष्ट्र के मुंबई शहर से आते हैं। इस शहर से लिस्ट में 283 लोगों को जगह दी गई है। इनमें मुकेश अंबानी और उनका परिवार पहले नंबर पर है। बता दें कि पिछले वर्ष की तुलना में इस शहर में 28 अरबपति बढ़ गए हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली से लिस्ट में 185 अरबपतियों को जगह दी गई है जिनमें सबसे अव्वल एचसीएल समूह के मुखिया शिव नादर और उनका परिवार है। अमीरों के मामले में तीसरे नंबर पर बेंगलुरु (89), चौथे नंबर पर हैदराबाद (64) और पांचवें नंबर पर चेन्नई (51) शहर है।
देश के सबसे धनवान व्यक्ति के रूप में लिस्ट में शामिल गौतम अदाणी और उनका परिवार अहमदाबाद शहर में रहते हैं। अरबपति देने के मामले में यह शहर छठे नंबर पर। इस शहर से लिस्ट में 45 अरबपतियों को शामिल किया गया है। पिछले वर्ष इस शहर से 42 लोगों को लिस्ट में शामिल किया गया था। वहीं वर्ष 2018 में अहमदाबाद शहर से लिस्ट में 48 लोगों को शामिल किया गया था। अहमदाबाद के बाद लिस्ट में कोलकाता से 37, पुणे से 34, सूरत से 22 और गुरुग्राम से 18 लोगों को जगह दी गई है। इसके अलावे लिस्ट में नोएडा से चार, राजकोट से पांच और नागपुर से छह लोग शामिल हैं। सबसे ज्यादा अरबपति देने वाले टॉप 10 शहरों की लिस्ट में पहली बार हरियाणा के गुरुग्राम शहर का भी नाम जुड़ा है।
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 की लिस्ट में 94 एनआरआई बिजनेसमैन भी शामिल किए गए हैं। इनमें 48 भारतीय अरबपति अमेरिका में रहते हैं। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारतीय अरबपति यूएई में रहते हैं जहां इनकी संख्या 20 है। इसके अतिरिक्त युनाईटेड किंगडम (ब्रिटेन) से 13 और सिंगापुर से तीन लोगों को लिस्ट में शामिल किया गया है। सबसे एनआरई की बात करें तो इस मामले में भी अदाणी परिवार ही आगे है। गौतम अदाणी के भाई विनोद शांतिलाल अदाणी सबसे अमीर एनआरआई के रूप में लिस्ट में शामिल हैं। उनकी कुल संपत्ति एक लाख 69 हजार करोड़ रुपये है और वह दुबई में रहते हैं। अमेरिका में रहने वाले सबसे अमीर एनआरआई जय चौधरी हैं उनकी संपत्ति 70 हजार करोड़ रुपये है।
हुरुन इंडिया वेल्थ लिस्ट के अनुसार इस वर्ष संपत्ति में सबसे ज्यादा वृद्धि गौतम अदाणी की संपत्ति में हुई है। गौतम अदाणी की नेट वर्थ पिछले वर्ष के मुकाबले 116 फीसदी बढ़ी है। उनकी संपत्ति में 5,88,500 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। लिस्ट में मुंबई के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में मुकेश अंबानी शामिल हैं। जबकि लिस्ट में शामिल अरबपतियोंं में सबसे ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोअर रतन टाटा के हैं। उन्हें ट्विटर पर एक करोड़ अठारह लाख लोग फॉलो करते हैं।
इसके अलावे सबसे तेजी से बढ़ने वाले कारोबार की बात करें तो फार्मास्युटिकल का क्षेत्र लिस्ट के अनुसार सबसे अव्वल रहा है। कोरोना वैक्सीन का उत्पादन करने वाले साइरस पूनावाला की संपत्ति में भी बड़ा उछाल आया है। इसके अलावे केमिकल व पेट्रोकेमिकल्स, सॉफ्टवेयर, वित्तीय सेवाओं और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी वृद्धि देखी गई है।