लगातार बढ़ रही महंगाई पर काबू पाने के लिए आरबीआई ने हाल ही में रेपो दर में 0.40 फीसदी इजाफा किया है। जून एवं अगस्त में होने वाली मौद्रिक समिति नीति की बैठक में नीतिगत दरों में और बढ़ोतरी की आशंका है। इसे देखते हुए बैंक और वित्तीय संस्थान कर्ज की दरें बढ़ा रहे हैं। केंद्रीय बैंक के रेपो दर बढ़ाने के बाद से एसबीआई समेत विभिन्न बैंक होम-ऑटो और विभिन्न प्रकार के कर्ज महंगे कर चुके हैं।
8 वर्ष पहले खत्म कर सकते हैं लोन
50 लाख रुपये के कुल होम लोन पर ही अगर आप हर साल बचे हुए कर्ज (आउटस्टैंडिंग लोन) 5 फीसदी अतिरिक्त जमा करते हैं तो आपकी कुल देनदारी दो तिहाई कम हो जाएगी। इस तरह, आपकी 20 साल की अवधि का होम लोन 8 साल पहले यानी 12 साल में खत्म हो जाएगा।
बढ़ा सकते हैं भुगतान अवधि
ब्याज दरें बढ़ने पर ईएमआई के बोझ पर छुटकारा पाने के लिए आप लोन की अवधि बढ़ा सकते हैं। हालांकि, इस विकल्प का इस्तेमाल करते समय ध्यान दें कि ब्याज पर अधिक राशि खर्च होगी। इसके अलावा, आप सस्ती दर पर किसी अन्य बैंक में लोन ट्रांसफर करा सकते हैं। इस विकल्प का इस्तेमाल करते समय प्रोसेसिंग फीस आदि की जानकारी लेकर वास्तविक फायदे की गणना जरूर कर लें। -बलवंत जैन, निवेश और टैक्स सलाहकार