घर के लिए कर्ज देने वाली कंपनी एचडीएफसी लिमिटेड ने कहा कि उसने सरकार की प्रमुख आवासीय योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2,300 करोड़ रुपये से अधिक सब्सिडी का वितरण किया है।
एक लाख से ज्यादा लोगों को हुआ लाभ
इससे पहली बार मकान खरीदने वाले एक लाख से अधिक लोगों को लाभ हुआ है। इस संदर्भ में एचडीएफसी ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत 2,300 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। इस सब्सिडी से 1,04,000 परिवारों को लाभ हुआ है। इसके साथ ही कंपनी ने बताया कि यह सब्सिडी पीएमएवाई 'क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी योजना' (सीएलएसएस) के तहत दी गई है।
ये था सरकार का लक्ष्य
कंपनी ने सीएलएसएस के तहत आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के लोगों (ईडब्ल्यूएस), कम आय वर्ग के समूह (एलआईजी) और मध्यम आय वर्ग समूह (एमआईजी) के लोगों को मकान खरीदने के लिए 22,136 करोड़ रुपये आवास ऋण को मंजूरी दी है। सरकार का लक्ष्य था कि सभी को सस्ते में घर मिले। एचडीएफसी ने सरकार के इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय तथा राष्ट्रीय आवास बैंक के साथ भागीदारी की है।