आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने के बाद बैंक भी ब्याज दरों में लगातार इजाफा कर रहे हैं। सोमवार को एचडीएफसी और केनरा समेत पांच बैंकों ने अपना कर्ज महंगा कर दिया।
एचडीएफसी बैंक ने विभिन्न अवधि के लिए सीमांत लागत आधारित ऋण दर (एमसीएलआर) में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की है। नई दरें सात मई से लागू हैं। वृद्धि के बाद एक वर्षीय एमसीएलआर को संशोधित कर 7.50 फीसदी कर दिया गया है। एक दिन अवधि के लिए एमसीएलआर 7.15% है। उधर, करूर वैश्य बैंक ने भी ब्याज दर 7.15 फीसदी से बढ़कर 7.45 फीसदी कर दी है।
एचडीएफसी बैंक ने एमसीएलआर में 25 बेसिस प्वाइंट का इजाफा किया है, इसका प्रभाव सभी तरह के लोन पर पड़ेगा। दूसरे शब्दों में कहें तो इस बैंक से लोन लेने वाले ग्राहकों पर ईएमआई का बोझ बढ़ जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, नई दरें सात मई से लागू होंगी।
वृद्धि के बाद इतना एलसीएलआर
एचडीएफसी बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग (एमसीएलआर) में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की है। गौरतलब है कि एमसीएलआर वह ब्याज दर होती है, जिसके आधार पर लोन के लिए बैंक का इंटरेस्ट रेट तय होता है। यानी किसी भी तरह के लोन के लिए इससे कम ब्याज दर नहीं हो सकती। इस बढ़ोतरी के बाद एचडीएफसी बैंक का एमसीएलआर 7.10 से 7.70 के बीच हो जाएगा, इससे पहले यह 6.90 से 7.75 फीसदी के बीच था। बता दें कि इससे पहले एचडीएफसी ने हाल ही में आरपीएलआर रिटेल प्राइम लेडिंग रेट में भी बढ़ोतरी की है।
अलग-अलग अवधि के लिए इतना ब्याज
एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट के अनुसार, इस बदलाव के बाद अब एक रात की अवधि के लिए एमसीएलआर बढ़कर 7.15 फीसदी हो गया है, एक महीने के लिए 7.20 फीसदी, तीन महीने के लिए 7.25 फीसदी, छह महीने के लिए 7.35 फीसदी हो गया है। इसके अलावा बात करें एक साल के लोन की तो इसके लिए 7.50 फीसदी, दो साल के लिए 7.60 फीसदी, जबकि तीन साल या उससे ज्यादा की अवधि के लोन के लिए 7.70 फीसदी हो गया।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र: बैंक ने सभी अवधि वाले एमसीएलआर में 0.15% बढ़ोतरी की। इससे नई दर बढ़कर 7.40 फीसदी हो गई है, जो 7 मई से लागू है। अब एक साल की एमसीएलआर की दर 7.25 से बढ़कर 7.40% हो गई है। अन्य अवधि वाले कर्ज की दर 6.85-7.30 फीसदी के बीच रहेगी।
कैनरा बैंक ने भी बढ़ाईं दरें
कैनरा बैंक ने रेपो दर से जुड़ीं दरों (आरएलएलआर) को बढ़ाकर 7.30 फीसदी कर दिया है। नई दरें 7 मई से लागू हो गई हैं। इसके अलावा, एमसीएलआर की दरों को भी बढ़ाकर 7.35 फीसदी कर दिया है। बैंक ने कहा कि नई दरें नए ग्राहकों पर लागू होंगी।
इंडियन ओवरसीज बैंक: बैंक ने भी रेपो रेट से जुड़ी ब्याज दर को बढ़ाकर 7.25 फीसदी कर दिया है। नई दरें 10 मई से लागू हैं। अब इसी दर पर ग्राहकों को कर्ज मिलेगा।