कसीनो, घुड़दौड़ और ऑनलाइन गेमिंग पर 28% जीएसटी लगाने का फैसला टला
जीएसटी परिषद ने कसीनो, घुड़दौड़, ऑनलाइन गेमिंग और लॉटरी पर 28 फीसदी टैक्स लगाने का फैसला टाल दिया है। मंत्रियों के समूह (जीओएम) को मूल्यांकन प्रणाली पर संबंधित पक्षों के प्रतिवेदनों पर फिर से विचार कर 15 जुलाई तक रिपोर्ट देने को कहा गया है। इस मुद्दे पर विचार करने के लिए अगस्त के पहले सप्ताह में फिर से परिषद की बैठक होगी।
- वित्तमंत्री ने कहा, गोवा एवं कुछ अन्य राज्य कसीनों पर जीएसटी को लेकर अपने और सुझाव रखना चाहते हैं। इसलिए निर्णय टाल दिया गया।
- ऑनलाइन गेमिंग में उसके पूरे मूल्य पर और घुड़दौड़ में दांव पर लगी पूरी राशि के आधार पर जीएसटी लगाने का सुझाव दिया गया था।
क्रिप्टोकरेंसी : टैक्स लगाने पर कोई चर्चा नहीं
क्रिप्टोकरेंसी समेत सभी डिजिटल परिसंपत्ति (वीडीए) पर भी 28 फीसदी जीएसटी लगाने पर कोई फैसला नहीं हो सका। दो दिन तक चली परिषद की बैठक में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई। अगली बैठक में इस पर विचार हो सकता है।
गब्बर सिंह टैक्स अब गृहस्थी सर्वनाश टैक्स : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पहले से डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों और होटल में ठहरने पर टैक्स बढ़ाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का ‘गब्बर सिंह टैक्स’ अब ‘गृहस्थी सर्वनाश कर’ (घरेलू विनाश कर) का रूप ले रहा है। उन्होंने टवीट में कहा, महंगाई बढ़ने के साथ आय घट रही है। रोजगार में गिरावट आई है। ऐसे में जरूरी वस्तुओं पर जीएसटी की दर बढ़ाना उचित नहीं है।