माल एवं सेवा कर (जीएसटी) कलेक्शन अप्रैल महीने में 1.13 लाख करोड़ रुपये के नए रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। इससे पिछले महीने जीएसटी संग्रह 1.06 लाख करोड़ रुपये रहा था।
बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि 30 अप्रैल तक मार्च महीने के लिए कुल 72.13 लाख संक्षिप्त बिक्री रिटर्न जीएसटीआर-बी दायर किए गए। देश में माल एवं सेवा कर व्यवस्था लागू होने के बाद पिछले महीने मार्च में जीएसटी संग्रह सबसे ऊंचा रहा था। अप्रैल, 2018 की तुलना में अप्रैल, 2019 में जीएसटी कलेक्शन 10.05 फीसदी बढ़ा है। पिछले साल अप्रैल में जीएसटी कलेक्शन 1,03,459 करोड़ रुपये रहा था।
सरकार ने नियमित निपटान के तहत आईजीएसटी से 20,370 करोड़ रुपये का सीजीएसटी और 15,975 करोड़ रुपये का एसजीएसटी का निपटान किया। वित्त वर्ष 2019-20 में सरकार ने सीजीएसटी से 6.10 लाख करोड़ रुपये और मुआवजा उपकर से 1.01 लाख करोड़ रुपये जुटाने का प्रस्ताव किया है। आईजीएसटी का शेष 50,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।