घरेलू लेनदेन और आयात से प्राप्त राजस्व में वृद्धि के दम पर सकल जीएसटी संग्रह जुलाई, 2025 में सालाना आधार पर 7.5 फीसदी बढ़कर करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि में सरकार को जीएसटी के रूप में 1.82 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई थी, जबकि जून में यह 1.84 लाख करोड़ रुपये रहा था।
विदेशी मुद्रा भंडार: 2.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 25 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 2.703 अरब डॉलर बढ़कर 698.192 अरब डॉलर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह मुद्रा भंडार में 1.18 अरब डॉलर की गिरावट आई थी। आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 25 जुलाई वाले सप्ताह में विदेशी मुद्रा संपत्ति 1.316 अरब डॉलर बढ़कर 588.926 अरब डॉलर पहुंच गई। देश का स्वर्ण भंडार भी 1.206 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 85.704 अरब डॉलर पहुंच गया।
बिजली खपत : 153.6 अरब यूनिट, 2.6 फीसदी की वृद्धि
2000 के 6,017 करोड़ मूल्य के नोट चलन में
चलन से हटाए जाने के दो साल से भी अधिक समय बाद भी 6,017 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 के नोट अब भी चलन में हैं। आरबीआई ने कहा कि चलन में 2000 के बैंक नोटों का कुल मूल्य 19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ था। यह 31 जुलाई, 2025 को कारोबार की समाप्ति पर घटकर 6,017 करोड़ रह गया।