चीन और मलयेशिया से आयात होने वाले सोलर पैनल अब महंगे मिलेंगे। वजह, केंद्र सरकार ने स्वदेशी कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए सेफगार्ड ड्यूटी लगा दी है। अब इन देशों से आयातित सोलर पैनल पर अगले एक साल तक 25 फीसदी ड्यूटी देनी होगी।
तीन साल के लिए लगाई ड्यूटी
केंद्र सरकार ने एक अधिसूचना जारी करते हुए डायरेक्टरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज (डीजीटीआर) की सलाह को मानते हुए तीन साल के लिए ड्यूटी लगाई है। 30 जुलाई से 29 जुलाई, 2019 तक ड्यूटी 25 फीसदी लगेगी। इसके बाद 30 जुलाई 2019 से लेकर के 29 जनवरी 2020 तक 20 फीसदी और 30 जनवरी 2020 से 29 जुलाई, 2020 तक 15 फीसदी ड्यूटी लगेगी।
महंगा होगा विदेश से सोलर पैनल मंगाना
अगर कोई भी कंपनी या व्यक्ति देश के बाहर से सोलर पैनल मंगाता है तो वह उसे काफी महंगा पड़ेगा। तुलनात्मक रूप से देश में बने सोलर पैनल काफी सस्ते होंगे।
इसलिए उठाया सरकार ने कदम
सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि पिछले चार सालों में विदेश में बने सोलर पैनलों का आयात काफी बढ़ गया था। जहां 2014-15 में यह 1.275 मेगावॉट था, वहीं 2017-18 में यह बढ़कर 9790 मेगावॉट हो गया था।
इसके खिलाफ देश की पांच कंपनियों ने सेफगार्ड ड्यूटी लगाने की गुहार सरकार से की थी। आयातित सोलर पैनल से देसी कंपनियों को नुकसान हो रहा था और इससे उनके उत्पादन पर भी भारी प्रतिकूल असर पड़ा था।