देश के दो बड़े राज्यों कर्नाटक और महाराष्ट्र में मंगलवार को दो अहम फैसले लिए गए। कर्नाटक सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर अपने कर्मचारियों और पेंशनधारकों को बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता (DA) 31% से बढ़ाकर 35% कर दिया है। यह वृद्धि एक जनवरी 2023 से प्रभावी होगी।
महाराष्ट्र में एक करोड़ से अधिक किसानों को सालाना 6000 रुपये का किया जाएगा भुगतान
दूसरी ओर, महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को एक नई वित्तीय योजना शुरू कर किसानों को बड़ी राहत दी है। इसके तहत राज्य के एक करोड़ से अधिक किसानों को सालाना 6000 रुपये का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में नमो शेतकारी महासम्मान योजना को मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में शिंदे ने कहा कि यह राशि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र की ओर से किसानों को प्रति वर्ष किस्तों में भुगतान किए जाने वाले 6,000 रुपये के अतिरिक्त है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना से एक करोड़ से अधिक किसानों को लाभ होगा। फडणवीस, जो राज्य के वित्त मंत्री भी हैं, ने 2023-24 के बजट में इस योजना की घोषणा की थी, जिसे उन्होंने मार्च में विधानसभा में पेश किया था।