वैश्विक बाजारों में कमजोर संकेतों के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 350 रुपये गिरकर 63,950 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। इससे पिछले कारोबारी दिन सोना 64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी इस दौरान 1,000 रुपये की गिरावट के साथ 78,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 79,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि पिछले सत्र में कीमती धातु की कीमतें तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद व्यापारियों ने मुनाफा कमाया। ये बड़ा कारण रहा जिससे कॉमेक्स सोना गिर गया। गांधी ने कहा कि डॉलर में सुधार और अमेरिकी ट्रेजरी की पैदावार बढ़ने के कारण भी पीली धातु पर दबाव पड़ा है।
इस बीच वायदा कारोबार में एमसीएक्स पर सोने का फरवरी कॉन्ट्रैक्ट 244 रुपये गिरकर 63,145 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इसके अलावा, चांदी का मार्च अनुबंध 1,166 रुपये गिरकर 73,793 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। विदेशी बाजारों में सोना और चांदी गिरावट के साथ क्रमश: 2,070 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 23.80 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे।
जानकार 2024 में भी सोने की कीमतों में मजबूती का लगा रहे अनुमान
2024 के लिए गोल्ड आउटलुक पर बोलते हुए साहीबंधु गोल्ड लोन्स की मार्केटिंग हेड महक श्रीवास्तव ने कहा, "पीली धातु ने अच्छा प्रदर्शन किया है और चालू वर्ष में इसमें 12% से अधिक की तेजी आई है। इस क्षेत्र के विशेषज्ञों और विश्लेषकों का अनुमान है कि कीमती धातुओं की उच्च मांग के बीच सोने की कीमतों में और तेजी आ सकती है। गोल्ड लोन एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म सही बंधु गोल्ड लोन का अनुमान है कि 2024 में प्रति ग्राम सोने की दर में वृद्धि जारी रहने के कारण सोने के खिलाफ ऋण की मांग में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।"