खाद्य पदार्थों की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए जूझ रही भारत सरकार दुनिया में अकेली नहीं है। दुनिया के अन्य देशों में भी खाद्य महंगाई तेजी से बढ़ रही है। संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसी की बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट के अनुसार, मांस और वनस्पति तेलों की कीमतों में उछाल से नवंबर, 2019 में विश्व भर में खाद्य पदार्थों के दाम तेजी से बढ़े। हालांकि, इस दौरान अनाज की कीमतों में थोड़ी नरमी देखी गई।
एएफओ ने अनुमान जताया है कि 2019 में अनाज उत्पादन 2.714 अरब टन के अब तक के उच्च स्तर पर पहुंच जाएगा। यह आंकड़ा उसके पहले के अनुमान से 0.4 फीसदी अधिक है। वहीं, गेहूं के उत्पादन में 4.8 फीसदी की तेजी का अनुमान है। इस दौरान गेहूं उत्पादन 76.64 करोड़ टन पहुंच सकता है। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर चावल उत्पादन 51.5 करोड़ टन पहुंचने का अनुमान है, जो पहले के पूर्वानुमान से 16 लाख टन अधिक है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गेहूं की कीमतों में गिरावट के बीच बड़े स्तर पर निर्यात आपूर्ति और मजबूत प्रतिस्पर्धा के कारण अनाज का मूल्य सूचकांक 1.2 फीसदी गिरकर 162.4 अंक पर पहुंज गया। नई फसल की आवक के दबाव में चावल की कीमतें छह महीने के निचले स्तर पर पहुंच गईं।
वहीं, वनस्पति तेल का मूल्य सूचकांक 10.4 फीसदी बढ़कर 150.6 अंक पर पहुंच गया, जो मई, 2018 के बाद का उच्चतम स्तर है। इसी तरह, मांस का मूल्य सूचकांक अक्तूबर के मुकाबले नवंबर में 4.6 फीसदी बढ़कर 190.5 अंक पर पहुंच गया। यह मई, 2009 के बाद मासिक आधार पर सबसे बड़ी तेजी है। चीनी के मूल्य सूचकांक में 1.8 फीसदी की वृद्धि रही और यह बढ़कर 181.6 अंक पर पहुंच गया, जबकि डेयरी उत्पादों का मूल्य सूचकांक दो महीने की लगातार गिरावट के बाद नवंबर में मामूली बढ़कर 192.6 अंक रहा।
सरकार की ओर जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत का चावल निर्यात अक्तूबर में सालाना आधार पर 42 फीसदी घटकर 4,85,898 टन रह गया। अफ्रीकी देशों से गैर-बासमती चावल की मांग घटने से चावल निर्यात में कमी आई है।