विप्रो लिमिटेड के संस्थापक और फाउंडर चेयरमैन अजीम प्रेमजी एशिया के सबसे बड़े दानवीर बन गए हैं। फोर्ब्स ने एशिया के 30 सबसे बड़े दानवीरों की सूची जारी की है, जिसमें प्रेमजी शीर्ष पर हैं। फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2019 के अनुसार, प्रेमजी के पास 7.2 अरब डॉलर की संपत्ति है। जबकि साल 2018 में प्रेमजी के पास 21 अरब डॉलर की संपत्ति थी। दान की वजह से ही हाल ही में प्रेमजी अमीरों की सूची में दूसरे नंबर से फिसलकर 17वें नंबर पर आ गए थे। प्रेमजी ने ने विप्रो लिमिटेड के 34 फीसदी शेयर परोपकार कार्य के लिए दान किए थे। इन शेयर का बाजार मूल्य 52,750 करोड़ रुपये है।
अजीम प्रेमजी के बाद एशिया के दूसरे सबसे बड़े दानवीर की सूची में इंडोनेशिया के दिग्गज कारोबारी थीओडोर राचमेट का नाम है। 76 वर्षीय राचमेट ने साल 2018 से अब तक करीब 50 लाख डॉलर यानी करीब पांच मिलियन डॉलर का दान किया है। राचमेट का फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और अनाथों के लिए काम करता है।
फोर्ब्स की इस सूची में तीसरे पायदान पर मलयेशिया के जेफरी चीआ हैं, जो अपनी संपत्ति दान कर वंचितों को शिक्षा दिलाने में जुटे हैं। वहीं चौथे स्थान पर अलीबाबा के चेयरमैन के पद से रिटायर हुए जैक मा हैं। जैक मा फाउंडेशन के जरिए साल 2014 से अबतक उन्होंने 300 मिलियन डॉलर दान या दान का वादा कर चुके हैं।
हाल ही में प्रेमजी ने कहा था कि, 'मैं पिछले एक साल से परोपकार संबंधी कार्यों से ज्यादा जुड़ गया हूं। जितना मैं इसको देख रहा हूं, उससे ये ही लगता है कि यह कितना जाटिल है। पैसे के बिना भी आप किसी इंसान को कैसे खुश रख सकते हैं और समाजसेवा से आपको कितनी तारीफ मिलती है, यह आप शब्दों में बयां नहीं कर सकते हैं।'