सरकार ने जून तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े जारी कर दिए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश का सकल घरेलू उत्पाद वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत बढ़ा है। एक साल पहले यह आंकड़ा 6.5 प्रतिशत था। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में यह भी बताया गया है कि देश का बजटीय घाटा या राजकोषीय घाटा बढ़कर 29.9% पर पहुंच गया है।
शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस वित्त वर्ष के पहले चार महीनों (अप्रैल-जुलाई) में भारत का राजकोषीय घाटा 4.68 लाख करोड़ रुपये रहा। यह वार्षिक अनुमान का 29.9% है। देश का राजकोषीय घाटा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 17.2% से बढ़कर 1.5 लाख करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल से जुलाई तक कुल प्राप्तियां 10.95 लाख करोड़ रुपये रहीं। वहीं, कुल व्यय 15.63 लाख करोड़ रुपये रहा। यह चालू वित्तीय वर्ष वर्ष के बजट लक्ष्य का क्रमशः 31.3% और 30.9% है।
जीडीपी के आंकड़ों पर एसोचैम के अध्यक्ष संजय नायर ने अपनी प्रतक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में भारत की वास्तविक जीडीपी में 7.8% की जोरदार वृद्धि हुई। यह एक साल पहले दर्ज की गई 6.5% की वृद्धि से काफी अधिक है। वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही अर्थव्यवस्था में मजबूत गति का संकेत है। सेवा क्षेत्र ने 7.6% वास्तविक जीवीए वृद्धि के साथ और मजबूती प्रदान की है।" नायर ने कहा कि जीडीपी के आंकड़े उत्साहजनक हैं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े सुनिश्चित करते हैं कि देश मौजूदा वैश्विक प्रतिकूलताओं का आत्मविश्वास से सामना करेगा।
ये भी पढ़ें: GST: दरों में प्रस्तावित बदलाव लागू हुए तो ऑटो सेक्टर की मांग में होगा इजाफा, जेफरीज की रिपोर्ट में दावा