UK: गोल्डमैन सैश ने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को वरिष्ठ सलाहकार के रूप में नियुक्त किया है। सुनक अक्तूबर 2022 से जुलाई 2024 तक प्रधानमंत्री रहे और इससे पहले वित्त मंत्री भी थे। वह राजनीतिक और वित्तीय अनुभव के साथ वैश्विक ग्राहकों (क्लाइंट) को सलाह देंगे।
गोल्डमैन सैश ग्रुप इंक ने कहा कि ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक वरिष्ठ सलाहकार के रूप में कंपनी में शामिल हो गए हैं। सुनक अक्तूबर 2022 से जुलाई 2024 तक प्रधानमंत्री रहे।
विज्ञापन
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डेविड सोलोमन ने मंगलवार को एक बयान में कहा, सुनक न्यूयॉर्क स्थित गोल्डमैन के नेतृत्व के साथ मिलकर वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को कई विषयों पर सलाह देंगे। वह व्यापक आर्थिक और भू-राजनीतिक परिदृश्य पर अपने अद्वितीय दृष्टिकोण और अंतर्दृष्टि को साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री बनने से पहले ऋषि सुनक फरवरी 2020 से जुलाई 2022 तक ब्रिटेन के वित्त मंत्री (चांसलर ऑफ द एक्सचेकर) रहे हैं। इसके पहले वे ट्रेजरी विभाग में मुख्य सचिव और आवास, समुदाय और स्थानीय सरकार में संसदीय उप-राज्य सचिव के पद पर काम कर चुके हैं। उन्होंने 2015 में संसद सदस्य बनकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।
पिछले साल के आम चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी को सबसे बड़ी हार के बाद भी सुनक अभी भी उत्तरी इंग्लैंड के रिचमंड और नॉर्थअलर्टन निर्वाचन क्षेत्र के सांसद के रूप में सेवा दे रहे हैं। चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने वादा किया था कि संसद के अगले पूरे कार्यकाल के लिए वह सांसद बने रहेंगे, चाहे वोट का परिणाम कुछ भी हो। उनके उत्तराधिकारी, लेबर पार्टी के कीर स्टार्मर अगला आम चुनाव 2029 के मध्य तक कर सकते हैं।
सुनक ने पहली बार गोल्डमैन में 2000 में निवेश बैंकिंग में समर इंटर्न के रूप में काम किया था और फिर 2001 से 2004 तक विश्लेषक के रूप में। बाद में उन्होंने एक निवेश कंपनी की सह-स्थापना की, जो अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ काम करती थी।