फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विदेशी मुद्रा भंडार ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, पहली बार 500 अरब डॉलर के पार

Sat, 13 Jun 2020 10:13 AM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • देश का विदेशी मुद्रा भंडार 500 अरब डॉलर के स्तर के पार हो गया है।
  • इस अवधि में सोने का भंडार 32.9 करोड़ डॉलर घटकर 32.352 अरब डॉलर रह गया।
  • कम डॉलर भुगतान की वजह से बचत हुई है और विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना संकट काल में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार मोर्चे पर लगातार अच्छी खबरें मिल रही हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़े बताते हैं कि पहली बार विदेशी मुद्रा भंडार 500 अरब डॉलर के स्तर के पार हो गया है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पांच जून को समाप्त सप्ताह में 8.22 अरब डॉलर बढ़कर पहली बार 500 अरब डॉलर के स्तर के पार हो गया। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 501.70 अरब डॉलर हो गया। 

विज्ञापन


इसलिए आई तेजी
इस तेजी का कारण विदेशी मुद्रा आस्तियों में भारी वृद्धि है। विदेशी मुद्रा भंडार की यह धनराशि एक वर्ष के आयात के खर्च के बराबर है। इससे पिछले 29 मई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 3.44 अरब डॉलर बढ़कर 463.48 अरब डॉलर हो गया था। पांच जून को समाप्त सप्ताह में देश की विदेशी मुद्रा आस्तियां 8.42 अरब डॉलर बढ़कर 463.63 अरब डॉलर हो गयीं।

विदेशी मुद्रा भंडार के बढ़ने की वजह कच्चे तेल की मांग में कमी भी है। भारत में मार्च महीने से लागू लॉकडाउन की वजह से ईंधन की डिमांड कम हो गई थी। साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट ने भी विदेशी मुद्रा भंडार को सपोर्ट किया है। यानी कच्चे तेल की सस्ती और कम खरीदारी हुई है, जिसकी वजह से सरकार को कम डॉलर भुगतान करने पड़े हैं।
विज्ञापन


कम डॉलर भुगतान की वजह से बचत हुई है और विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हो गया है। इतना ही नहीं, पिछले तीन-चार महीनों में विदेशी कंपनियों का भारतीय बाजार में निवेश भी बढ़ा है और विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में फिर पूंजी का प्रवाह भी शुरू कर दिया है। वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान देश का विदेशी मुद्रा भंडार करीब 62 अरब डॉलर बढ़ा था।

सोने का भंडार घटा
इस अवधि में सोने का भंडार 32.9 करोड़ डॉलर घटकर 32.352 अरब डॉलर रह गया। डॉलर टर्म में बात की जाए तो विदेशी मुद्रा भंडार में पड़ी गैर अमेरिकी मुद्रा, मसलन यूरो, पाउंड और येन की कीमतों में उतार-चढ़ाव को एफसीए में शामिल किया जाता है।

चीन जापान के बाद तीसरे स्थान पर
भारत पहले ही विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में रूस और दक्षिण कोरिया से आगे निकल गया है। अब भारत चीन और जापान के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पिछले सप्ताह में रहा 493 अरब डॉलर का भंडार अगले 17 महीने तक की आयात जरूरतों के लिए पर्याप्त है।

आनंद महिंद्रा ने दिया बयान
देश के दिग्गज उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि, '30 साल पहले भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग शून्य हो गया था। लेकिन अब हमारे पास तीसरा सबसे बड़ा वैश्विक भंडार है।' महिंद्रा ने कहा कि, 'इस अनिश्चित समय में यह खबर मनोबल बढ़ाने वाली है। देश की क्षमता को मत भूलें और आर्थिक वृद्धि के रास्ते पर वापस आने के लिए इस संसाधन का बुद्धिमता से उपयोग करें।' 

मई में खाद्य कीमतों की महंगाई दर 9.28 फीसदी
सरकार ने शुक्रवार को खुदरा महंगाई के आंशिक आंकड़े जारी किए, जिसमें सिर्फ खाद्य पदार्थों की कीमतों को शामिल किया गया। इसके अनुसार, मई में खाद्य पदार्थों की खुदरा महंगाई दर 9.28 फीसदी रही, जो मई 2019 में 1.83 फीसदी रही थी। सांख्यिकी मंत्रालय ने कहा, लॉकडाउन की वजह से महंगाई के वास्तविक आंकड़े निकालना मुश्किल है। लिहाजा सिर्फ खाद्य महंगाई को शामिल किया गया है। 
विज्ञापन


शहरों से ज्यादा गांव में महंगाई
इस साल मई के ग्रामीण क्षेत्र की खाद्य महंगाई दर 9.69 फीसदी शहरी क्षेत्र की 8.36 फीसदी और दोनों की संयुक्त रूप से 9.28 फीसदी रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें