देश में 2020-21 के शुरुआती 10 महीनों यानी अप्रैल-जनवरी के दौरान प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) 28 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 54.18 अरब डॉलर पहुंच गया। 2019-20 की समान अवधि के दौरान देश में 42.34 अरब डॉलर का एफडीआई आया था।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-जनवरी के दौरान कुल एफडीआई (आय को दोबारा निवेश करना शामिल) 15 फीसदी बढ़कर 72.12 अरब डॉलर रहा। यह किसी भी वित्त वर्ष के शुरुआती 10 महीनों में आया सबसे ज्यादा एफडीआई है।
2019-20 की समान अवधि में यह आंकड़ा 62.72 अरब डॉलर था। आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान एफडीआई इक्विटी के जरिए निवेश करने वाले देशों में 30.28 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सिंगापुर शीर्ष पर है। 24.28 फीसदी हिस्सेदारी के साथ अमेरिका दूसरे और 7.31 फीसदी के साथ संयुक्त अरब अमीरात तीसरे स्थान पर है।
कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 45.81 फीसदी एफडीआई आया। वहीं, जनवरी, 2021 में कुल एफडीआई इक्विटी निवेश में 29.09 फीसदी हिस्सेदारी के साथ जापान शीर्ष पर और 25.46 फीसदी के साथ सिंगापुर दूसरे स्थान पर रहा।