अगले महीने पेश होने वाले बजट को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने मंगलवार को कृषि और ग्रामीण विकास के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक की। इसमें किसानों के लिए कर्ज, छूट, उर्वरकों पर टैक्स सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक 23 जून तक चलेगी।
उद्योग संगठन सीआईआई का कहना है कि सरकार बजट में सभी छूट खत्म कर कॉरपोरेट टैक्स घटाकर 18 फीसदी लाए। इससे खजाने पर ज्यादा असर भी नहीं पड़ेगा। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में कॉरपोरेट टैक्स को 30 फीसदी से 25 फीसदी लाने का वादा किया गया था और 250 करोड़ तक सालाना टर्नओवर वाली कंपनियों के लिए इसे लागू भी कर दिया गया है। सीआईआई के अध्यक्ष विक्रम किर्लोस्कर ने कहा कि हम सभी छूट को समाप्त कर कॉरपोरेट टैक्स 18 फीसदी लाने के पक्ष में हैं।