सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया ने किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली की सीमाएं सील होने से प्रभावित होने वाले यात्रियों को मुफ्त में अपना यात्रा कार्यक्रम नए सिरे से तय करने की पेशकश की है।
केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा के किसान 'दिल्ली कूच' पर निकले हैं। गुरुवार को पंजाब से लेकर हरियाणा में जगह-जगह किसानों के संघर्ष के बाद शुक्रवार को भी उनका मार्च जारी है।
ऐसे में उत्तर प्रदेश और हरियाणा से दिल्ली की यात्रा करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संदर्भ में एयर इंडिया ने ट्वीट कर कहा कि, 'दिल्ली की सीमाएं बंद होने से दिल्ली-एनसीआर में यातायात बाधाओं को देखते हुए हम प्रभावित यात्रियों को उनका यात्रा कार्यक्रम फिर से तय करने (बदल कर दूसरी तिथि का टिकट लेने) की अनुमति देते हैं। इसके लिए उनसे कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा।'
यह छूट 26 नबंवर 2020 को दिल्ली हवाई अड्डे से की जाने वाली उड़ानों पर लागू होगी।
विरोध के मुख्य कारण क्या हैं?
एपीएमसी में किसानों को अपनी फसल का न्यूनतम मूल्य मिलता है, लेकिन सरकार ने इससे संबंधित कानून में यह साफ नहीं किया गया है कि मंडी के बाहर किसानों को न्यूनतम मूल्य मिलेगा या नहीं। ऐसे में हो सकता है कि किसी फसल का ज्यादा उत्पादन होने पर व्यापारी किसानों को कम कीमत पर फसल बेचने पर मजबूर करें।
इसके साथ ही सरकार फसल के भंडारण का अनुमति दे रही है लेकिन किसानों के पास इतने संसाधन नहीं होते हैं कि वो सब्जियों या फलों का भंडारण कर सकें। ऐसे में वो व्यापारियों को कम कीमत पर अपनी फसल बेच सकते हैं और व्यापारी अपने पास उनकी फसल जमा कर सकते हैं। क्योंकि व्यापारी के भंडारण की सुविधा अच्छी होगी तो वो अपने हिसाब से बाजार में फसल को बेचेंगे। किसानों का कहना है कि ऐसा करने से फसल की कीमत तय करने का अधिकार बड़े व्यापारियों या कंपनियों के पास आ जाएगा और किसानों की भूमिका ना के बराबर हो जाएगी।