नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता के दो परिसरों पर छापा मार 1.65 करोड़ की नकदी, 44.5 बिटकॉइन (मार्केट एक्सचेंज रेट के अनुसार 7.12 करोड़) व अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं।
पीएमएलए कानून के तहत दर्ज मामले में यह कार्रवाई मोबाइल गेमिंग एप्लीकेशन ई-नगेट्स के खिलाफ और उसके प्रमोटर आमिर खान के खिलाफ की गई है। फेडरल बैंक के अधिकारियों की ओर से सीजेएम कोर्ट में दाखिल की गई शिकायत के आधार पर आमिर और अन्य के खिलाफ कोलकाता की पार्क स्ट्रीट पुलिस की ओर से विभिन्न धाराओं के तहत 15 फरवरी 2021 को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया था। ईडी ने एप कंपनी के परिसर, आमिर और उसके पिता निसार अहमद खान के कोलकाता स्थित परिसरों से पिछले महीने 17.32 करोड़ नकद जब्त किए थे। साथ ही बिटकॉइन जब्त किया गया था और कुछ बैंक खातों को सील किया गया था।
ताजा कार्रवाई के साथ ही अब तक कुल 51.16 करोड़ जब्त किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक रुपयों को खपाने के लिए 300 खातों का इस्तेमाल किया गया। आमिर को कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग ने गाजियाबाद से पिछले महीने गिरफ्तार किया था।
लोगों से मोटी रकम वसूलने के बाद सर्वर से हटा दिया था सारा डाटा
निसार अहमद के बेटे आमिर खान ने ई नगेट्स के नाम से लोगों को धोखा देने के मकसद से मोबाइल गेमिंग एप लांच किया था। लोगों से मोटी रकम वसूलने के बाद अचानक ही संबंधित एप से निकासी रोक दी गई। इसके बाद प्रोफाइल जानकारी सहित सभी डाटा को इस एप के सर्वर से हटा दिया गया था। समझा जाता है कि कई खातों के ‘काले धन को सफेद’ करने के लिए ऐसा किया गया। इससे पहले, आमिर खान के खिलाफ तलाशी अभियान में आवासीय परिसर से 17.32 करोड़ रुपये की राशि और 13.56 करोड़ रुपये के बराबर बिटकॉइन जब्त किए गए थे।
हैदराबाद : दो आभूषण समूहों के 149 करोड़ से अधिक के जेवरात जब्त
ईडी ने हैदराबाद के दो रत्न एवं आभूषण समूहों के 149 करोड़ के भंडार को जब्त कर लिया। ईडी ने एमबीएस ज्वेलर्स प्रा. लि., मुसद्दीलाल जेम्स एंड ज्वेल्स इंडिया प्रा. लि. और उसके निदेशकों सुकेश व अनुराग गुप्ता के पांच ठिकानों पर 17 को छापे मारे थे। ईडी के बयान के मुताबिक छापे में 149.10 करोड़ के जेवरातों के भंडार के साथ ही 1.96 करोड़ नकद जब्त किए गए। ईडी ने सुकेश गुप्ता को 18 अक्तूबर को गिरफ्तार किया था।
ईडी ने राजस्थान के मृत ड्रग माफिया की 8.53 करोड़ की संपत्ति जब्त की
ईडी ने राजस्थान में मृत ड्रग माफिया सुभाष दुधानी और उसके परिजनों की 8.53 करोड़ की संपत्ति जब्त की। कथित तौर पर तस्कर के अफ्रीकी ड्रग माफियाओं से संबंध थे। जांच एजेंसी के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उसके और उसके परिजनों की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसी के बयान के मुताबिक सुभाष दुधानी प्रतिबंधित दवाओं का उत्पादन और बिक्री करता था। दुधानी अपने सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय गिरोह का संचालन कर रहा था। इसमें उसका साझीदार दक्षिण अफ्रीका का मृत ड्रग माफिया रॉनी जॉनी स्मिथ था। एजेंसी ने मुंबई और उदयपुर स्थित कुल 18 संपत्तियों को सीज किया।