राकेश झुनझुनवाला निवेशित विमानन कंपनी आकासा बेहद सस्ती उड़ानें शुरू करने के लिए करीब एक लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने अपने बोइंग 737 मैक्स विमानों के लिए एलईएपी-1बी इंजन खरीदने को सीएफएम इंटरनेशनल से 33,000 करोड़ रुपये में करार की घोषणा की है। इससे एक दिन पहले अकासा ने 67,000 करोड़ में 72 बोईंग 737 मैक्स विमान खरीदने की घोषणा की थी।
देश का चीनी उत्पादन एक अक्तूबर से 15 नवंबर के बीच 24 फीसदी बढ़कर 20.9 लाख टन पहुंच गया। महाराष्ट्र और कर्नाटक में अत्यधिक उत्पादन के कारण देश का उत्पादन बढ़ा है। उद्योग निकाय इस्मा ने बुधवार को बताया कि चीनी मिलों ने अब तक 25 लाख टन चीनी निर्यात का अनुबंध किया है।
बैंकों का कर्ज 15 नवंबर को समाप्त पखवाड़े में 7.14% बढ़कर 111.64 लाख करोड़ पहुंच गया। जमा राशि 11.42% बढ़कर 160.49 लाख करोड़ हो गई। केंद्रीय बैंक ने बुधवार को बताया कि 6 नवंबर वाले पखवाड़े में आंकड़ा क्रमशः 104.19 व 144.03 लाख करोड़ था।