डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन के 'डीएनपीए कॉन्क्लेव और अवार्ड 2024' का 6 फरवरी को आयोजन होगा। नई दिल्ली के होटल शांगरी ला में आयोजित होने वाले इस अवॉर्ड कार्यक्रम में देश की कई जानी-मानी शख्सियतें शामिल होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इस कॉन्क्लेव में डिजिटल मीडिया के भविष्य पर गहन मंथन किया जाएगा।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी (MeitY) राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर और नीति आयोग के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमिताभ कांत भी इस कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे। 'तेजी से बदलती दुनिया में डिजिटल मीडिया की भावी राह कैसी हो?' इस विषय पर दिग्गज अपनी-अपनी बात रखेंगे। देश के नीति निर्माता समाचार प्रकाशकों और बिग टेक प्लेटफार्मों के बीच संबंधों को लोकतांत्रिक बनाने और डिजिटल समाचार मीडिया की नई चुनौतियों व एआई से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। विश्वसनीय समाचारों को बढ़ावा देने और समाचार उद्योग के विकास और हितों की रक्षा करने की दिशा में मान्यता प्राप्त, इस सम्मेलन का आयोजन डीएनपीए की ओर से नेटवर्क 18 ग्रुप के सहयोग से किया जा रहा है।
डीएनपीए कॉन्क्लेव 2024 के दौरान भारत में डिजिटल मीडिया व्यवसाय पर अर्न्स्ट एंड यंग (Ernst & Young or EY) की एक रिपोर्ट भी जारी की जाएगी। रिपोर्ट का शीर्षक 'भारत में डिजिटल समाचार प्रकाशन का पूर्वावलोकन' (Preview of Digital News Publishing in India) है। रिपोर्ट जारी होने के बाद यह जानने में मदद मिल सकती है कि डिजिटल न्यूज मीडिया किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। ईवाई रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार इसलिए भी हो रहा है, क्योंकि मीडिया जगत में इस बात पर बहस जारी है कि समाचार प्रकाशकों को बढ़ते डिजिटलीकरण के साथ कैसे तालमेल बिठाना चाहिए।
डीएनपीए कॉन्क्लेव में कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। WAN-IFRA के मीडिया नीति और सार्वजनिक मामलों को देखने वाली अग्रणी अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ एलेना पेरोटी भी डीएनपीए कॉन्क्लेव में शरीक होंगी। पेरोटी WAN-IFRA में कार्यकारी निदेशक हैं। इनके अलावा एक्सल स्प्रिंगर के वरिष्ठ सलाहकार फ्लोरियन नेहम और न्यूज़ मीडिया कनाडा के अध्यक्ष और सीईओ पॉल डीगन जैसी कई जानीमानी हस्तियां कॉन्क्लेव में शामिल होंगी।
कॉन्क्लेव में कॉरपोरेट जगत के कई दिग्गज भी शामिल होंगे। इनमें पूनावाला फिनकॉर्प के प्रबंध निदेशक अभय भुटाडा, इन्फो एज के संस्थापक और कार्यकारी उपाध्यक्ष संजीव बिखचंदानी, टाटा मोटर्स के सीएमओ शुभ्रांशु सिंह शामिल हैं। वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता और विक्रम चंद्रा जैसे दिग्गज भी पैनल की चर्चा में शामिल होंगे। मीडिया ट्रस्ट और विश्वसनीयता के मुद्दों पर चर्चा के लिए मीडिया जगत के कई प्रमुख संपादकों समेत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरविंद अरोड़ा की भी भागीदारी रहेगी।
डीएनपीए के अध्यक्ष डीजे नारायण ने आयोजन के बारे में बताया कि इस कॉन्क्लेव में सभी 18 सदस्यों का योगदान है। देश-विदेश में विश्वसनीय समाचार और डिजिटल मीडिया से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा और मंथन के लिए यह अनूठा मंच है। उन्होंने कहा कि डीएनपीए कॉन्क्लेव डिजिटल मीडिया इको सिस्टम में तेजी से हो रहे बदलाव के बीच विचारों के आदान-प्रदान का यह मजबूत मंच बनता जा रहा है। वहीं, डीएनपीए महासचिव सुजाता गुप्ता ने डिजिटल मीडिया क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएनपीए कॉन्क्लेव ऐसे समय में हो रहा है जब हम डिजिटल डोमेन में समाचार प्रकाशकों के सफल होने की कहानियां देख रहे हैं। डिजिटल न्यूज मीडिया कंपनियां बड़े तकनीकी प्लेटफॉर्म्स के साथ स्पेस शेयर करती हैं। अमेरिका, जर्मनी, कनाडा का उदाहरण सामने है। यहां के कुछ प्रमुख प्रकाशकों की तरह हम भारत में भी प्रकाशक और तकनीकी प्लेटफॉर्म के संबंधों का लोकतंत्रीकरण देख सकते हैं।