सब्जियों और चिकन के दाम घटने से आम आदमी की थाली मई 2025 में 6% तक सस्ती हो गई। क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार, शाकाहारी थाली 27.80 से घटकर 26.20 रुपये और मांसाहारी थाली 55.9 से घटकर 52.6 रुपये रह गई। टमाटर, प्याज और आलू की कीमतों में बड़ी गिरावट अहम वजह रही।
सब्जियों और चिकन की कीमतें घटने से घर में पकाई जाने वाली आम आदमी की थाली 6 फीसदी तक सस्ती हो गई है। क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार, शाकाहारी थाली की कीमत मई, 2024 के 27.80 रुपये से कम होकर इस साल मई में 26.20 रुपये रह गई। चिकन के भाव घटने से मांसाहारी थाली भी 55.9 रुपये से घटकर 52.6 रुपये रह गई।
क्या कहता है रिपोर्ट में?
रिपोर्ट के अनुसार, मासिक आधार पर शाकाहारी थाली की कीमत करीब स्थिर रही है। हालांकि, मांसाहारी थाली की कीमत दो फीसदी घटी है। दरअसल, सब्जियों की हालिया घटी कीमत ने शाकाहारी थाली के दाम घटाने में मदद की। टमाटर की कीमतें 33 रुपये प्रति किलोग्राम से 29 फीसदी गिरकर 23 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गईं।
बता दें कि पिछले साल पश्चिम बंगाल में फसल को हुए नुकसान और बेमौसम बारिश के कारण प्याज और आलू की कीमतों में क्रमशः 15 फीसदी और 16 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। आयात शुल्क में बढ़ोतरी के कारण वनस्पति तेल की कीमतों में 19 फीसदी की वार्षिक वृद्धि और गैस सिलेंडर की कीमत में 6 फीसदी की सालाना वृद्धि ने थाली की लागत में और गिरावट को रोक दिया। मांसाहारी थाली के दाम तय करने में चिकन की कीमतों का 50 फीसदी योगदान होता है।