केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
- फोटो : ANI
भारत में कोरोना वायरस के चलते 30 राज्य पूरी तरह लॉकडाउन हैं। इसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। इस बीच लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए सरकार राहत पैकेज का एलान कर सकती है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार दोपहर दो बजे मीडिया को संबोधित करेंगी।
इस दौरान वित्त मंत्री विभिन्न वैधानिक एवं रेगुलेटरी मुद्दों पर राहत का एलान कर सकती हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन की स्थिति में सरकार इकोनॉमिक पैकेज पर काम कर रही है और उसका एलान जल्द हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
देश को फिर संबोधित करेंगे पीएम मोदी
इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पीएम ने लिखा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण बातें देशवासियों के साथ साझा करूंगा। आज, 24 मार्च रात 8 बजे देश को संबोधित करूंगा।
बता दें कि पीएम ने इससे पहले 19 मार्च को भी देश को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कोरोना से सावधानी बरतने और इसके खिलाफ लड़ाई में जनता की भागीदारी की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि 22 मार्च को देशवासी जनता कर्फ्यू का पालन करें। देशभर में उनकी अपील का व्यापक असर भी नजर आया था।