केंद्र ने दिल्ली सरकार से कहा है कि वह बफर स्टॉक से प्याज लेकर उसे नागरिक आपूर्ति विभाग और राशन की दुकानों के जरिए 23.90 रुपये प्रति किलो बेचे। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्याज की ऊंची कीमतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है। केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्याज 39-40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं, शहर में खुदरा विक्रेता गुणवत्ता और स्थान विशेष के आधार पर इसे 50 रुपये प्रति किलो बेच रहे हैं।
वाणिज्य मंत्रालय ने कारोबारियों से दो टूक कहा है कि वे वित्त वर्ष 2019-20 के लिए दाल आयात का कोटा 31 अक्तूबर तक हर हाल में पूरा कर लें। मंत्रालय ने कारोबारियों की आयात अवधि बढ़ाने की मांग को भी खारिज कर दिया और 7 नवंबर तक दाल आयात की रिपोर्ट पेश करने को कहा है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने नोटिस जारी कर बताया है कि दाल आयात की खेप भारतीय बंदरगाहों पर 31 अक्तूबर तक आ जानी चाहिए और इसकी अवधि में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। घरेलू खपत को पूरा करने के लिए देश में हर साल 40 से 60 लाख टन दालों का आयात किया जाता है।