69 साल बाद टाटा संस की झोली में आई विमानन कंपनी एयर इंडिया को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अब एयरलाइन कंपनी की कमान कैम्पबेल विल्सन संभालेंगे। टाटा संस ने गुरुवार को इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा है कि विल्सन को एयर इंडिया के सीईओ और प्रबंध निदेशक के तौर पर नियुक्त किया है।
गौरतलब है कि अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया के सीईओ पद सबसे पहले तुर्की के इल्कर आयसी को चुना गया था, लेकिन कई विवादों के चलते उन्होंने ऐन मौके पर अपने कदम पीछे खींच लिए थे। इसके बाद टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने इसकी जिम्मेदारी संभाली। लेकिन एयर इंडिया की कमान सौंपने के लिए सीईओ की तलाश जोर-शोर से जारी थी। अब टाटा संस ने 50 वर्षीय कैम्पबेल विल्सन को इस पद पर नियुक्त कर दिया है।
एयर इंडिया का सीईओ नियुक्त किए जाने पर कैम्पबेल विल्सन ने कहा कि प्रतिष्ठित एयर इंडिया का नेतृत्व करने और टाटा समूह का हिस्सा बनना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। एयर इंडिया दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइनों में से एक बनने के लिए एक रोमांचक यात्रा के शिखर पर है।
रिपोर्ट के अनुसार, विल्सन के पास विमानन उद्योग का 26 साल का लंबा अनुभव है। उन्होंने दुनिया के कई देशों में अपनी सेवाएं दी हैं। लंबी तलाश के बाद टाटा संस ने 12 मई को घोषणा की कि कम लागत वाली एयरलाइन स्कूट के संस्थापक सीईओ कैंपबेल विल्सन को एयर इंडिया का एमडी और सीईओ नियुक्त किया गया है। यहां बता दें कि विल्सन ने साल 2011 में स्कूट के सीईओ का कार्यभार संभाला था।