FSIB के नए अध्यक्ष बने एससीएल दास, तीन साल का होगा कार्यकाल
केंद्र सरकार ने सरकारी बैंकों और वित्तीय संस्थानों में शीर्ष पदों पर नियुक्तियों की सिफारिश करने वाले वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो (एफएसआईबी) का नए सिरे से गठन किया है। पूर्व एमएसएमई सचिव एससीएल दास को इसका नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तारीख से तीन साल का होगा। दिल्ली विद्युत नियामक आयोग के मौजूदा अध्यक्ष दास के साथ छह सदस्य भी काम करेंगे। इनमें भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक अरिजीत बसु, आरबीआई के पूर्व निदेशक सतीश काशीनाथ मराठे और पूर्व कार्यकारी निदेशक रमनाथन सुब्रमणियन शामिल हैं। अन्य सदस्यों में एलआईसी के पूर्व प्रमुख सिद्धार्थ मोहंती, न्यू इंडिया एश्योरेंस की पूर्व सीएमडी नीरजा कपूर और आईआरडीएआई की पूर्व सदस्य टीएल अलामेलु शामिल हैं। पहले तीन सदस्य सरकारी बैंकों और वित्तीय संस्थानों में नियुक्तियों से जुड़े चयन में मदद करेंगे, जबकि बाकी तीन सरकारी बीमा कंपनियों के निदेशकों के चयन का काम देखेंगे। FSIB की सिफारिशों पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति लेती है। सरकार ने 2022 में इस ब्यूरो का गठन किया था।