फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: देश में कुल टैक्स बकाया 54.53 लाख करोड़ के पार; राजीव आनंद बने इंडसइंड बैंक के नए एमडी और सीईओ

Tue, 05 Aug 2025 12:58 AM IST
शिव शुक्ला बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
शेयर बाजार, कारोबार और वाणिज्य जगत की अहम खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

देश में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के रूप में कुल टैक्स बकाया 30 जून 2025 तक 54.53 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह जानकारी मंगलवार को संसद में दी गई। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि 30 जून 2025 तक अप्रत्यक्ष करों के तहत 7.01 लाख करोड़ रुपये और प्रत्यक्ष करों के तहत 47.52 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि बकाया है। 

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि कुल अप्रत्यक्ष कर बकाया में से 2.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक उन मामलों से संबंधित हैं जहां जून 2025 तक व्यक्तिगत मामलों में लंबित कर 10 करोड़ रुपये से अधिक है।  वहीं प्रत्यक्ष करों के मामले में, जून 2025 तक 10 करोड़ रुपये से अधिक के कर बकाया की कुल राशि लगभग 35.48 लाख करोड़ रुपये है। 

मुकदमेबाजी के कारण कई मामले लंबित
इसके अलावा, अप्रत्यक्ष कर के अंतर्गत लंबित 7.01 लाख करोड़ रुपये के कर बकाये में से 3.71 लाख करोड़ रुपये कई चरणों में मुकदमेबाजी के कारण लंबित हैं। इसी तरह, प्रत्यक्ष करों के लिए कुल 47.52 लाख करोड़ रुपये के बकाये में से 31.26 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि कई चरणों में मुकदमेबाजी के कारण लंबित है।
विज्ञापन


राजीव आनंद बने इंडसइंड बैंक के नए एमडी और सीईओ
इंडसइंड बैंक ने सोमवार को एक्सिस बैंक के पूर्व उप प्रबंध निदेशक राजीव आनंद को अपना नया एमडी और सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की। बैंक ने देर शाम नियामकीय फाइलिंग में कहा कि आरबीआई की मंजूरी के आधार पर बोर्ड ने राजीव को तीन साल के लिए बैंक के प्रबंध निदेशक, सीईओ और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक की श्रेणी में अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी। नियुक्ति 25 अगस्त 2025 से 24 अगस्त, 2028 तक प्रभावी रहेगी। राजीव ऐसे समय में कार्यभार संभालेंगे, जब बैंक खराब ऋणों की पहचान और ट्रेडिंग रिवर्स में शीर्ष प्रबंधन की अनियमितताओं से उत्पन्न कई मुद्दों से जूझ रहा है। वह 3 अगस्त को एक्सिस बैंक के उप प्रबंध निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

टेस्ला ने मस्क को दिया 2.59 लाख करोड़ का शेयर
टेस्ला ने सीईओ एलन मस्क को 29 अरब डॉलर (2.59 लाख करोड़ रुपये) मूल्य के 9.6 करोड़ प्रतिबंधित शेयर दिए हैं। यह शेयर एक जज की ओर से कंपनी को उनके भारी वेतन पैकेज को रद्द करने का आदेश दिए जाने के मात्र छह महीने बाद दिया गया है। कंपनी ने कहा, मस्क को सबसे पहले टेस्ला को प्रति शेयर 23.34 डॉलर का भुगतान करना होगा। यह मस्क को दिए गए 2018 वेतन पैकेज के प्रति शेयर मूल्य के बराबर है।  

पॉलिसीबाजार पर पांच करोड़ रुपये का जुर्माना
इरडा ने कुछ खामियों के लिए पॉलिसीबाजार इंश्योरेंस ब्रोकर्स पर पांच करोड़ का जुर्माना लगाया है। बीमा मानदंडों का उल्लंघन करने के खिलाफ चेतावनी भी दी है। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने सोमवार को जारी अपने आदेश में कहा, पॉलिसीबाजार इंश्योरेंस पर बीमा अधिनियम, 1938 और नियमों के तहत स्थापित विभिन्न उल्लंघनों के लिए निर्देश, सलाह और चेतावनी के साथ पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 

पश्चिम बंगाल में जुलाई में जीएसटी संग्रह में हुई 12 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि
पश्चिम बंगाल में जुलाई 2025 में सकल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में 12 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्र द्वारा जारी अनंतिम आंकड़ों को हवाला देते हुए यह जानकारी दी है। 

उन्होंने कहा कि राज्य ने पिछले महीने जीएसटी राजस्व में 5,895 करोड़ रुपये एकत्र किए। यह जुलाई 2024 में 5,257 करोड़ रुपये से अधिक है। ममता ने आगे कहा कि जुलाई महीने तक हमारे राज्य के जीएसटी राजस्व में संचयी वृद्धि दर 7.71 प्रतिशत है। यह पश्चिम बंगाल में व्यापार और उपभोग में लगातार सुधार को दर्शाता है, जो अच्छे आर्थिक स्वास्थ्य का संकेत है।

धन शोधन के आरोप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पर ईडी की कार्रवाई
ईडी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी सेवाली देवी शर्मा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलावर को शर्मा से जुड़े आठ परिससों की तलाशी ली गई। धन शोधन का यह मामला असम के मुख्यमंत्री के निर्देश पर सामने आया। शर्मा पर पहले पुलिस ने 5.7 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप लगाया था। शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने अधिक धन जुटाने के लिए 347 अध्ययन केंद्र खोले और 1,06,828 प्रशिक्षुओं को नामांकित किया।

IRDIA ने लगाया पॉलिसी बाजार पर पांच करोड़ रुपये का जुर्माना
आईआरडीएआई ने कई नियामक उल्लंघनों के लिए बीमा प्लेटफॉर्म पॉलिसीबाजार पर पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDIA) ने बताया कि यह कार्रवाई बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 102 के तहत की गई। यह जुर्माना पॉलिसीबाजार के संचालन से संबंधित 12 आरोपों की जांच के बाद यह लगाया गया है। 
 
विज्ञापन

टाटा कैपिटल ने 2 अरब डॉलर के आईपीओ के लिए सेबी के पास मसौदा दस्तावेज दाखिल किए
गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी टाटा कैपिटल ने मेगा आईपीओ के लिए अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए हैं। इस निर्गम का आकार अनुमानित तौर पर 2 अरब डॉलर यानी करीब 17,200 करोड़ रुपये है।

सूत्रों ने बताया कि इस इश्यू के जरिए कंपनी का मूल्य लगभग 11 अरब डॉलर हो जाएगा। सोमवार को दाखिल किए गए अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, टाटा कैपिटल का यह प्रस्तावित IPO कुल 47.58 करोड़ शेयरों का होगा। इसमें 21 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू और 26.58 करोड़ शेयरों की बिक्री (OFS) शामिल है। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें