उच्च अमेरिकी टैरिफ से भारत के विनिर्माण क्षेत्र के विकास की संभावनाएं होंगी कम
अमेरिकी बाजार तक सीमित पहुंच से भारत के विनिर्माण क्षेत्र के विकास की संभावनाएं कम होंगी। मूडीज रेटिंग्स की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रेटिंग्स ने कहा कि हालांकि देश की घरेलू मांग इन बाहरी दबावों के प्रति लचीली बनी रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है और यह 7 अगस्त से लागू होगी।
मूडीज रेटिंग्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष क्रिश्चियन डी गुजमैन ने कहा कि भारतीय वस्तुओं पर निर्धारित संशोधित टैरिफ दर एपीएसी (एशिया-प्रशांत) क्षेत्र के अन्य प्रमुख निर्यातकों की तुलना में काफी अधिक है। गुजमान ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तक सीमित पहुंच के कारण भारत की विनिर्माण क्षेत्र, विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे उच्च मूल्यवर्धित क्षेत्रों को विकसित करने की महत्वाकांक्षाओं की संभावनाएं कम हो गई हैं।
पहली तिमाही में गिरावट के बावजूद पीएनबी एमडी को बैंक पर भरोसा
पंजाब नेशनल बैंक की पहली तिमाही में 48 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद बैंक के एमडी और सीईओ अशोक चंद्रा को ने भरोसा जताया है। उन्हें उम्मीद है कि बैंक अब भी पिछले वित्त वर्ष के बराबर लाभ अर्जित कर सकता है। उन्होंने कहा नई कर व्यवस्था में जाने से बैंक को करीब 2,100 करोड़ रुपये की बचत होगी, जिससे लाभ में सुधार संभव है। देश के दूसरे सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 16,630 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
पेटीएम से बाहर निकलेगा चीन का एंट ग्रुप: सूत्र
चीन का एंट ग्रुप भारतीय भुगतान कंपनी पेटीएम से अपनी शेष हिस्सेदारी ब्लॉक डील में बेचकर बाहर निकल जाएगा। इस सौदे की कुल कीमत 433.72 मिलियन डॉलर हो सकती है। रॉयटर्स ने एक टर्म शीट के हवाले से यह खबर दी है। रिपोर्ट के अनुसार चीन के अलीबाबा समूह की सहयोगी कंपनी एंट, 1,020 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर अपनी 5.84% हिस्सेदारी बेचेगी। टर्म शीट के अनुसार, गोल्डमैन सैक्स इंडिया सिक्योरिटीज और सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया इस बिक्री का नेतृत्व करेंगे।