सॉफ्टबैंक समर्थित ई-कॉमर्स कंपनी मीशो और टेमासेक समर्थित ई-कॉमर्स मंच शिपरॉकेट सहित सात कंपनियों को आईपीओ के जरिये पूंजी जुटाने के लिए सेबी की मंजूरी मिल गई है। अन्य कंपनियों में राजपुताना स्टेनलेस, स्काईवेज एयर सर्विसेज, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर, अलाइड इंजीनियरिंग वर्क्स और मनिका प्लास्टेक शामिल हैं। मंजूरी ऐसे समय में मिली, जब प्राथमिक बाजार की गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है।
टाटा कंज्यूमर को 406 करोड़ रुपये का फायदा
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स को दूसरी तिमाही में 406 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 10.7 फीसदी अधिक है। आय 17.83 फीसदी बढ़कर 4,966 करोड़ रुपये हो गई। ब्रांडेड कारोबार 17 फीसदी बढ़कर 4,271 करोड़ रुपये हो गया। ब्रांडेड व्यवसायों में चाय, कॉफी, पानी और अन्य मूल्यवर्धित उत्पाद शामिल हैं। घरेलू कारोबार से राजस्व 17.6 फीसदी बढ़कर 3,122 करोड़ रहा।
डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम, पेंशनधारियों को मिलेगी राहत
पेंशनधारियों को सरकारी दफ्तर या बैंक की कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) ने देशव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 4.0 शुरू किया है, जो 30 नवंबर 2025 तक चलेगा। अभियान से देशभर के पेंशनर्स घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। यह पहल सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबीएस), सरकारी विभागों, पेंशनर वेलफेयर एसो. के सहयोग से आयोजित की जा रही है। सुविधा बुजुर्ग और दिव्यांग पेंशनर्स के लिए राहत भरी साबित होगी। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। बैंक देशभर के 115 शहरों व कस्बों में विशेष शिविर आयोजित कर रहा है। नई दिल्ली सर्कल के तहत दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड के 13 शहरों में मेगा कैंप्स लग रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को राजधानी स्थित जय सिंह रोड के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में भव्य मेगा कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विभाग के सचिव वी. श्रीनिवास, मंत्रालय के अधिकारी मौजूद रहे।
एयरटेल का लाभ दोगुना बढ़कर 8,651 करोड़
भारती एयरटेल को सितंबर तिमाही में 8,651 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही के 4,153 करोड़ के मुकाबले यह दोगुना ज्यादा है। परिचालन से राजस्व 25.7 फीसदी बढ़कर 52,145 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में 41,473 करोड़ रुपये था। घरेलू राजस्व 22.6 फीसदी बढ़कर 38,690 करोड़ रुपये हो गया। देश में प्रति ग्राहक कमाई 233 से बढ़कर 256 रुपये हो गई।
अंबुजा सीमेंट्स को चार गुना से अधिक मुनाफा
अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स लि. का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ चार गुना से अधिक बढ़कर 2,302 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 496 करोड़ का मुनाफा हुआ था। दूसरी तिमाही में कंपनी का समेकित राजस्व 23 फीसदी बढ़कर 9,123.7 करोड़ रुपये पहुंच गया। सीमेंट कारोबार से राजस्व भी 20.15 फीसदी की वृद्धि के साथ 8,753.3 करोड़ रहा।
मंगोलिया में एयर इंडिया की फ्लाइट की एहतियाती लैंडिंग
एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से नई दिल्ली (कोलकाता होते हुए) आने वाली फ्लाइट AI-174 ने सोमवार शाम करीब 7:59 बजे मंगोलिया के उलानबटार इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एहतियाती लैंडिंग की। विमान में कुल 228 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।
मंगोलिया में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि एयर इंडिया से सूचना मिलते ही एक घंटे के भीतर दूतावास की टीम एयरपोर्ट पहुंची और यात्रियों के लिए इमिग्रेशन, वीजा, होटल और परिवहन की व्यवस्था की गई। दूतावास ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी पूरी देखभाल की जा रही है। एयर इंडिया ने सूचित किया है कि भारत से एक रिकवरी विमान मंगलवार शाम तक उलानबटार पहुंच जाएगा और सभी यात्री रात तक भारत लौट आएंगे। भारतीय दूतावास ने कहा कि यात्रियों और एयर इंडिया को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
स्पाइसजेट ने संजय कुमार को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया
स्पाइसजेट ने विमानन पेशेवर और इंडिगो के पूर्व मुख्य रणनीति व राजस्व अधिकारी संजय कुमार को 3 नवंबर से कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की। विमानन कंपनी ने कहा कि कुमार, कार्याकरी निदेशक के रूप में अपनी भूमिका में, एयरलाइन की रणनीतिक पहलों का नेतृत्व करेंगे। यह विस्तार, परिचालन उत्कृष्टता और व्यवसाय परिवर्तन पर केंद्रित होंगी। कंपनी विकास के अपने अगले चरण में प्रवेश कर रही है।
कुमार स्पाइसजेट के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक अजय सिंह को रिपोर्ट करेंगे। इस पद को प्राप्त करने से पहले उन्होंने अगस्त 2024 से मार्च 2024 तक सउदिया एयरलाइंस के लिए केएसए-भारत उपमहाद्वीप रणनीति पर सऊदी समूह के महानिदेशक के सलाहकार के रूप में कार्य किया।
ईडी ने आईपीओ फंड का इस्तेमाल कर मनी लॉन्ड्रिंग करने वाले रैकेट का किया पर्दाफाश
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि उसने 40 करोड़ रुपये के कथित धन शोधन नेटवर्क का पता लगाया है, जिसने 2022 में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाकर और शेयर हेरफेर करके कई निवेशकों को ठगा।
संघीय जांच एजेंसी ने 29 अक्टूबर को मुंबई में छापेमारी की और 'पंप एंड डंप' और 'ड्राअर कंपनियों' जैसी तकनीकों का उपयोग करके वित्तीय रिकॉर्ड में "बड़े पैमाने पर" हेरफेर की जांच के लिए 'म्यूल' बैंक खातों से जुड़ी 400 चेक बुक और 200 मोबाइल फोन सिम कार्ड जब्त किए।
ईडी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही जांच, वरेनियम क्लाउड लिमिटेड नामक कंपनी, उसके प्रमोटर हर्षवर्धन सबले और अन्य संबद्ध संस्थाओं के खिलाफ है।
कंपनी और उससे जुड़ी फर्मों ने "सितंबर 2022 के आईपीओ के माध्यम से लगभग 40 करोड़ रुपये जुटाए, और दावा किया कि इसका उपयोग छोटे शहरों में एज डेटा सेंटर और डिजिटल लर्निंग सेंटर स्थापित करने के लिए किया जाएगा"।
एजेंसी ने आरोप लगाया कि इसने खुद को डिजिटल मीडिया, ब्लॉकचेन और एडटेक के क्षेत्र में तेजी से बढ़ती प्रौद्योगिकी फर्म के रूप में पेश किया और यहां तक कि आईपीओ को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख व्यावसायिक समूहों और मीडिया आउटलेट्स के नामों का भी इस्तेमाल किया, जिससे जनता का विश्वास हासिल हुआ।
भारती एयरटेल के शेयर करीब 2 प्रतिशत चढ़े
भारती एयरटेल के शेयर मंगलवार को करीब दो प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की सितंबर तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ में दो गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। बीएसई पर शेयर 1.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,112.90 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान शेयर 2.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,135.75 रुपये के अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। एनएसई पर शेयर 1.73 फीसदी की बढ़त के साथ 2,110 रुपये पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 2.97 फीसदी चढ़कर 2,135.60 रुपये पर पहुंच गया। यह 52 हफ्तों का हाई है। भारती एयरटेल ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026 की सितंबर तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ में दो गुना से अधिक की वृद्धि के साथ 8,651 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की। इसका कारण स्मार्टफोन ग्राहकों और पोस्ट-पेड कनेक्शनों में इजाफा है।
इंडिया हैबिटेट सेंटर (आईएचसी) का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। ब्रिटेन की संस्था ने सतत विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सार्वजनिक सहभागिता और बौद्धिक सहयोग को बढ़ावा देने में आईएचसी के उत्कृष्ट योगदान के लिए उसे यह सम्मान दिया है। आईएचसी, राष्ट्रीय राजधानी स्थित एक बहुउद्देशीय सम्मेलन केंद्र है।
एक बयान कहा गया कि यह प्रमाणपत्र हाल ही में आईएचसी के गुलमोहर हॉल में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में आईएचसी के निदेशक केजी सुरेश, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ संतोष शुक्ला और अन्य उपस्थित थे। इसमें कहा गया कि यह सम्मान भारत और अन्य स्थानों पर नवाचार, संवाद और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाले एक प्रमुख संस्थान के रूप में आईएचसी की भूमिका की पुष्टि करता है।
केंद्र ने कबाड़ बेचकर चार साल में कमाए 4,085 करोड़
केंद्र सरकार ने पिछले चार साल में स्कैप (कबाड़) बेचकर चार हजार करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार के स्वच्छता विशेष अभियान 5.0 ने स्वच्छता में नए मानक स्थापित किए हैं। इससे 2021 से स्क्रैप सामग्री के निपटान के जरिये 4,085 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया में यह जानकारी दी और लोगों के बीच स्वच्छता की जागरूकता फैलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
15 सितंबर को शुरू हुआ विशेष अभियान 5.0, दूरसंचार विभाग और इसकी क्षेत्रीय इकाइयों में चला गया और 31 अक्तूबर को संपन्न हुआ। क्षेत्रीय इकाइयों में लाइसेंस प्राप्त सेवा क्षेत्र (एलएसए), संचार लेखा नियंत्रक (सीसीए) और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) शामिल हैं।
एंजल वन ने 34 लाख में निपटाया मामला
ब्रोकरेज हाउस एंजेल वन ने बाजार नियामक सेबी के साथ खुलासे के एक मामले को 34.57 लाख रुपये भरकर निपटा लिया है। खुलासा करने में विफल रहने पर कंपनी ने सेबी के विनियमों के प्रावधानों का उल्लंघन किया। सेबी ने आरोप लगाया कि एंजेल वन प्रस्तावित व्यवस्था योजना से संबंधित महत्वपूर्ण घटनाक्रमों का खुलासा करने में विफल रही।