फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: सरकार ने उसना चावल से निर्यात शुल्क हटाया; यूनियन बैंक पर एफआईयू ने ₹54 लाख का जुर्माना लगाया

Wed, 23 Oct 2024 07:35 AM IST
ज्योति भास्कर बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनेस अपडेट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केंद्र सरकार ने उसना चावल से निर्यात शुल्क हटा दिया है। मंगलवार को इस संबंध में सरकार की तरफ से आदेश जारी किया गया। अभी तक 10 फीसदी निर्यात शुल्क लगता था। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत से होने वाले निर्यात में तेजी आने की संभावना है। पिछले दिनों उच्चस्तरीय मंत्रिमंडल स्तर की बैठक में यह फैसला लिया गया था। गैर-बासमती सफेद चावल के न्यूनतम निर्यात मूल्य को भी खत्म करने का फैसला किया गया है। लेकिन सरकार की तरफ से अभी इस संबंध में आदेश नहीं जारी किया गया है।

विज्ञापन


नई दिल्ली: एफआईयू ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया पर 54 लाख रुपये का जुर्माना लगाया
वित्तीय आसूचना इकाई (एफआईयू) ने संदिग्ध लेनदेन के बारे में जानकारी न देने और मुंबई स्थित एक शाखा में कुछ खातों की पीएमएलए के तहत उचित पड़ताल नहीं करने के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया पर 54 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

वित्त मंत्रालय के तहत संचालित एफआईयू ने एक अक्तूबर को धनशोधन रोधक अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 13 के तहत जुर्माना नोटिस जारी किया। एजेंसी ने कहा कि बैंक की लिखित व मौखिक प्रस्तुतियों पर विचार करने के बाद उसके खिलाफ लगे आरोपों को सही पाया गया।
विज्ञापन


बीएसएनएल ग्राहकों के लिए 7 नई सेवाएं पेश; नहीं बढ़ेगा टैरिफ
भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने ग्राहकों को लुभाने के लिए मंगलवार को सात नई सेवाएं पेश कीं। इनमें ‘स्पैम ब्लॉकर्स’ से लेकर स्वचालित सिम कियोस्क और डायरेक्ट-टू-डिवाइस सेवाएं शामिल हैं। दूरसंचार कंपनी ने सीडैक के साथ साझेदारी में खनन कार्यों के लिए कम देरी वाली 5जी संपर्क सेवा भी शुरू की है। दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सेवाओं की शुरुआत करते हुए कहा, बीएसएनएल वर्षों से विभिन्न उपलब्धियां हासिल करते हुए लोगों की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा, अगले साल के मध्य तक बीएसएनएल के पास 1,00,000 4जी साइट होंगी, जिनमें से कुछ पर 5जी सेवा होगी। उधर, कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रॉबर्ट रवि ने कहा, हम निकट भविष्य में दूरसंचार सेवा शुल्क में कोई वृद्धि नहीं करेंगे। हमारा ध्यान ग्राहकों का भरोसा जीतने पर है।

देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी बनाने के लिए रिलायंस व डिज्नी को बेचने होंगे सात टीवी चैनल
देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी बनाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज व वॉल्ट डिज्नी को सात टीवी चैनल बेचने होंगे। दोनों कंपनियों के मीडिया कारोबार के विलय को मंजूरी देने के दो महीने बाद भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने विस्तृत आदेश में कहा, मौजूदा अधिकार खत्म होने तक कंपनियां क्रिकेट अधिकारों के लिए टीवी विज्ञापन स्लॉट एक साथ न जोड़ें। इस विलय से 70,000 करोड़ की मीडिया कंपनी अस्तित्व में आएगी।

अवैध फॉरेक्स मंचों की चेतावनी सूची में 13 और कंपनियां

आरबीआई ने मंगलवार को अनधिकृत विदेशी मुद्रा (फॉरेक्स) कारोबारी मंचों की चेतावनी सूची को संशोधित करते हुए इसमें टीडीएफएक्स व इनेफेक्स सहित 13 और कंपनियों को जोड़ा है। इसके साथ सूची में शामिल इकाइयों की संख्या 88 हो गई है। सूची में टीडीएफएक्स व इनेफेक्स के साथ रेंजर कैपिटल, ग्रोलाइन, थिंक मार्केट्स, यॉर्करएफएक्स, स्मार्ट प्रॉप ट्रेडर, फंडेडनेक्स्ट, एफएक्स रोड, वेल्ट्रेड, फ्रेशफॉरेक्स, डीबीजी मार्केट्स और प्लसऑनट्रेड शामिल हैं।
विज्ञापन

घाटे से उबरी पेटीएम 928 करोड़ का मुनाफा

घाटे से उबरते हुए पेटीएम ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 928.3 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया है। एक साल पहले उसे 290.5 करोड़ का घाटा हुआ था। पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने कहा, इसमें मनोरंजन टिकटिंग बिक्री से हुआ 1,345 करोड़ का लाभ शामिल है।

रेमंड लाइफस्टाइल करेगी 9,000 कर्मियों की भर्ती
रेमंड लाइफस्टाइल अगले तीन वर्षों में सैकड़ों स्टोर खोलने की योजना बना रही है। इसके लिए वह 9,000 कर्मचारियों की भर्ती करेगी। रेमंड समूह के चेयरमैन गौतम सिंघानिया ने कहा, कंपनी खोले जाने वाले 900 स्टोर के लिए प्रति आउटलेट औसतन 10 लोगों की भर्ती की योजना बना रही है। एजेंसी

ओरिएंट सीमेंट को खरीदेगा अदाणी समूह
अदाणी समूह सीके बिड़ला समूह की कंपनी ओरिएंट सीमेंट का 8,100 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर अधिग्रहण करेगा। समूह का हिस्सा अंबुजा सीमेंट्स अपने वर्तमान प्रवर्तकों और कुछ सार्वजनिक शेयरधारकों से ओरिएंट सीमेंट के 46.8 फीसदी शेयर का अधिग्रहण करेगी।

सिंगापुर: एयर इंडिया, सिंगापुर एयरलाइंस ने ‘कोडशेयर’ समझौते का किया विस्तार
एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) ने अपने ‘कोडशेयर’ समझौते का विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की है, जिसके तहत वे अपने नेटवर्क में 11 भारतीय शहरों और 40 अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ेंगे। यह 2010 के बाद से विमानन कंपनियों के बीच ‘कोडशेयर’ व्यवस्था का पहला व्यापक विस्तार है। इससे ग्राहकों को सिंगापुर और भारत के साथ-साथ अन्य स्थानों के बीच बेहतर यात्रा विकल्प मिलेंगे। ‘कोडशेयर’ समझौता विमानन कंपनियों को एक-दूसरे की उड़ानों में अपने ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करने की अनुमति देता है।

इस वर्ष 27 अक्टूबर से एयर इंडिया तथा एसआईए सिंगापुर व भारतीय शहरों के बीच एक-दूसरे की उड़ानों पर ‘कोडशेयर’ करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच उनकी कुल साप्ताहिक सेवाओं की संख्या 14 से बढ़कर 56 हो जाएगी। एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि समझौते के विस्तार से यात्रियों को अधिक विकल्प और विस्तारित वैश्विक संपर्क मिलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें