केंद्र सरकार ने एक महीने चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान 4.0 के तहत अब तक कचरे का निपटान करके 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर केंद्रित इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के तमाम मंत्रालयों और विभागों की भागीदार के साथ प्रत्येक नागरिक में स्वच्छता की आदत विकसित करना और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ भविष्य की दिशा में सक्रियता से काम करना है। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) सचिव वी श्रीनिवास ने बताया कि सरकारी विभागों में लंबित मामले घटाने और स्वच्छता को संस्थागत बनाने का विशेष अभियान 2 अक्तूबर को शुरू किया गया था और 31 अक्तूबर तक चलेगा। श्रीनिवास ने बताया कि अब तक 12 लाख से अधिक फाइलों को छांटा जा चुका है और 97.2 लाख वर्ग फुट जगह खाली की गई है। अभियान अब तक 2.7 लाख कार्यालयों में लागू किया गया और कबाड़ के निपटान से 101.48 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।
इंडसइंड बैंक के मुनाफे में 40 फीसदी गिरावट
इंडसइंड बैंक का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 40 फीसदी घटकर 1,331 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान बैंक की कुल आय 13,530 करोड़ से बढ़कर 14,871 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि, बैंक का सकल एनपीए एक साल पहले के 1.93 फीसदी से बढ़कर 2.11 फीसदी पहुंच गया।