रिजर्व बैंक ने बताया कि 2023 में बंद किए जाने के बाद 6,181 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट अभी भी प्रचलन में हैं। 2000 रुपये के बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। 19 मई 2023 को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपये नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की। आरबीआई ने कहा कि प्रचलन में 2000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य जो 19 मई 2023 को कारोबार बंद होने पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था, 31 मई 2025 को कारोबार बंद होने पर घटकर 6,181 करोड़ रुपये रह जाएगा। आरबीआई ने कहा कि 19 मई 2023 तक प्रचलन में रहे 2000 रुपये के 98.26 प्रतिशत बैंक नोट वापस आ चुके हैं। ऐसे बैंक नोटों को जमा करने और/या बदलने की सुविधा सात अक्तूबर 2023 तक सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी। अब यह सुविधा रिज़र्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है।
एयर इंडिया और एयर मॉरीशस में कोडशेयर समझौता
नई दिल्ली में 81वीं आईएटीए बैठक के दौरान एयर इंडिया और एयर मॉरीशस ने विस्तारित कोडशेयर समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एयर इंडिया के सीईओ और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन और एयर मॉरीशस के चेयरमैन किशोर बीगू भी मौजूद थे। मजबूत द्विपक्षीय कोडशेयर समझौते के तहत एयर इंडिया और एयर मॉरीशस भारत, मॉरीशस, रीयूनियन, दक्षिण अफ्रीका और मेडागास्कर के बीच कुल 17 मार्गों पर अपने डेसिग्नेटर कोड लगाएंगे।
यात्री वाहनों की थोक बिक्री मामूली बढ़कर 3.52 लाख
यात्री वाहनों की बिक्री मई, 2025 में उद्योग की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही। बीते महीने देश में कुल 3.52 लाख यात्री वाहन बिके, जो सालाना आधार पर 0.1 फीसदी की मामूली बढ़त को दर्शाता है। हालांकि, यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री में 0.8 फीसदी की गिरावट रही। इस बीच, देशभर में वाहनों की पंजीकरण भी चार फीसदी घटकर 2,97,649 इकाई रह गया। उधर, वाहन कंपनियों की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, टाटा मोटर्स के गाडि़यों की कुल बिक्री सालाना आधार पर 9 फीसदी घटकर 70,187 इकाई रह गई। वहीं, घरेलू बिक्री भी 10 फीसदी घटकर 67,429 इकाई रही। इसी प्रकार, कंपनी के यात्री वाहनों की बिक्री में 11 फीसदी की गिरावट रही। हालांकि, महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहनों की कुल बिक्री 17 फीसदी बढ़कर 84,110 इकाई पहुंच गई।
एमजी मोटर, किआ व टोयोटा में उछाल
एमजी मोटर के वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 40 फीसदी बढ़कर 6,304 इकाई पहुंच गई। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 4,510 गाड़ियां बेची थी। इस दौरान किआ इंडिया ने घरेलू बाजार में कुल 22,315 वाहन बेचे, जो मई, 2024 के 19,500 की तुलना में 14 फीसदी अधिक है। टोयोटा किर्लोस्कर के गाड़ियों की बिक्री एक साल पहले की तुलना में 22 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 30,864 इकाई पहुंच गई।
दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी उछाल
दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी तेजी रही। मई में टीवीएस मोटर की कुल बिक्री सालाना आधार पर 17 फीसदी बढ़कर 4,31,275 इकाई पहुंच गई। मई, 2024 में कंपनी ने 3,69,914 दोपहिया वाहन बेचे थे।
शीर्ष-4 कंपनियों की पूंजी एक लाख करोड़ रुपये बढ़ी
शीर्ष-10 कंपनियों में चार की संयुक्त बाजार पूंजी पिछले सप्ताह 1,01,369 करोड़ रुपये बढ़ गई। इनमें भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की पूंजी सबसे ज्यादा बढ़ी है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सप्ताह एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 59,233.6 करोड़ बढ़कर 6.03 लाख करोड़ से ज्यादा पहुंच गया। एसबीआई की बाजार पूंजी 19,589.54 करोड़ बढ़कर 7.25 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। भारती एयरटेल में 14,084.2 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी रही, जिससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण 10.58 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक की बाजार पूंजी 8,462.15 करोड़ बढ़कर 14.89 लाख करोड़ रुपये से पहुंच गई। हालांकि, टीसीएस की बाजार पूंजी 17,909.53 करोड़ घट गई।
USFDA ने जाइडस की दवा को दी मंजूरी
वयस्कों में डायरिया के साथ इरिटेबल बाउल सिंड्रोम के उपचार के लिए बनी दवा को बेचने के लिए जायडस लाइफसाइंसेज को अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक ने मंजूरी दे दी है। दवा कंपनी ने कहा कि कंपनी को रिफैक्सीमिन टैबलेट (550 एमजी) के लिए अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) से अस्थायी मंजूरी मिल गई है। रिफक्सिमीन गोलियां वयस्कों में दस्त के साथ आंत्र सिंड्रोम (आईबीएस-डी) के उपचार के लिए है। मार्च तक अमेरिका में रिफैक्सीमिन टैबलेट की वार्षिक बिक्री 2,672.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी।
ऑनलाइन गेमिंग मामले में ईडी की कार्रवाई
ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 48 खातों से जुड़े 1.50 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। मामले में 29 मई को पंजाब और सिंध बैंक के तत्कालीन अफसर बेदांशु शेखर मिश्रा, उनके सहयोगियों और गेमिंग प्लेटफार्म प्रबंधन के प्रमुख लोगों के खिलाफ दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू समेत सात जगह छापेमारी की गई। इस दौरान डिजिटल दस्तावेज, गेमिंग के लिए इस्तेमाल हो रहे मोबाइल फोन, सिम कार्ड और 39 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
LIC मुनाफा कमाने वाली सरकारी कंपनियों में सबसे आगे
सरकारी कंपनियों में 2024-25 की मार्च तिमाही में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने सबसे अधिक 19,013 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। पिछले हफ्ते निगम ने बताया, उसका मुनाफा एक साल पहले की तुलना में 38 फीसदी बढ़कर 19,000 करोड़ पार पहुंच गया। एलआईसी के बाद देश का सबसे बड़ा बैंक एसबीआई दूसरे स्थान पर है। चौथी तिमाही में इसका मुनाफा 18,643 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, पूरे वर्ष के मामले में एसबीआई 2024-25 में 70,901 करोड़ रुपये कमाकर शीर्ष पर रहा, जबकि एलआईसी ने केवल 48,151 करोड़ रुपये का फायदा कमाया। कोल इंडिया का तिमाही फायदा 9,604, पीएफसी का 8,358 करोड़ व एनटीपीसी का 7,897 करोड़ रुपये रहा। इंडियन ऑयल का लाभ 7,265 करोड़, ओएनजीसी का 6,448 करोड़ और आरईसी का 4,304 करोड़ रहा। पावरग्रिड का 4,143 करोड़ और सेल का मुनाफा 1,251 करोड़ रहा।
इन्फोसिस सीईओ का वेतन 22 फीसदी बढ़कर 80 करोड़ रुपये पार
देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ सलिल पारेख को पिछले वित्त वर्ष में 80.6 करोड़ रुपये का वेतन मिला है। 2023-24 की तुलना में यह 21.7 फीसदी अधिक है। पारेख भारतीय आईटी उद्योग में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले सीईओ में से एक हैं। उनका मूल वेतन 7.45 करोड़ रुपये है।
कंपनी की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, गैर संस्थापक सीईओ के रूप में पारेख किसी कंपनी में सबसे लंबे समय तक सीईओ रहने वाले अधिकारी हैं। उनकी फिक्स्ड सैलरी 7.94 करोड़ रुपये है। 23.18 करोड़ रुपये बोनस मिला है। सबसे ज्यादा 49.5 करोड़ रुपये स्टॉक ऑप्शन के रूप में मिला है।
वैश्विक स्तर पर शीर्ष-30 टेक कंपनियों में शामिल हुई रिलायंस
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज बाजार पूंजीकरण के आधार पर शीर्ष-30 वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों की सूची में शामिल हो गई है। इस सूची में पहुंचने वाली यह भारत की एकमात्र कंपनी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कंपनियां शीर्ष-8 स्थानों पर काबिज हैं। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया, एपल, अमेजन, अल्फाबेट, मेटा प्लेटफॉर्म, टेस्ला और ब्रॉडकॉम शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ताइवान की टीएसएमसी नौवें स्थान पर और चीन की टेनसेंट 10वें स्थान पर है। रिलायंस का बाजार मूल्यांकन 216 अरब डॉलर है। इस आधार पर यह 23वें स्थान पर काबिज है। 1995 से 2025 तक केवल पांच कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट, ऑरैकल, सिस्को, आईबीएम और एटीएंडटी शीर्ष 30 में बनी रहीं। नई कंपनियों में रिलायंस के साथ एनवीडिया, एपल, अमेजन, अल्फाबेट, मेटा, टेस्ला, अलीबाबा, सेल्सफोर्स और चाइना मोबाइल शामिल हैं।
मई में यूपीआई लेनदेन से 25.14 लाख रुपये का कारोबार
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ने मई महीने में नया रिकॉर्ड हासिल किया है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार यूपीआई लेनदेन 25.14 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया है। यह पिछले महीने की तुलना में 5 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। अप्रैल में यूपीआई लेनदेन का मूल्य 23.94 लाख करोड़ रुपये था।
यूपीआई में हुई 23 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि
मई महीने में 1,867 करोड़ लेनदेन किए गए, जबकि पिछले महीने 1,789.3 करोड़ लेनदेन किए गए थे। एनपीसीआई ने कहा कि मई में हुई यह बढ़त 23 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को दर्ज करता है। महीने के दौरान दैनिक लेनदेन औसतन 81,106 करोड़ रुपये रहा, जो अप्रैल के 79,831 करोड़ रुपये के स्तर से 1.5 प्रतिशत अधिक है। आखिरी बार मार्च महीने में यह अपने उच्च स्तर पर पहुंचा था। उस महीने यूपीआई लेनदेन का मूल्य 24.77 लाख करोड़ रुपये था।
लगातार दूसरे महीने बढ़ी पेट्रोल मांग, मई में 9 फीसदी की तेजी
गर्मियों में यात्रा बढ़ने से लगातार दूसरे महीने पेट्रोल की खपत में वृद्धि हुई है। मई में पेट्रोल की खपत 8.77 प्रतिशत बढ़कर 37 लाख टन हो गई। एक साल पहले 34.6 लाख टन थी। डीजल की बिक्री केवल 2 प्रतिशत बढ़कर 85.7 लाख टन हो गई।
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में डीजल की खपत करीब 4 फीसदी बढ़कर 82.3 लाख टन हो गई थी। गर्मी की शुरुआत के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई और शहरी क्षेत्रों में एयर कंडीशनर की मांग बढ़ जाती है। पिछले कुछ महीनों में डीजल की मांग में कमी आई है।
वरिष्ठ भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) अधिकारी बीना यादव केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में नई मुख्य सूचना अधिकारी और प्रवक्ता के रूप में शामिल हुईं। इस वर्ष अप्रैल में आरसी जोशी के सेवानिवृत्त होने के बाद सीबीआई के मुख्य सूचना अधिकारी का पद खाली था।
हाई प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग मामले देखने वाले सत्यव्रत कुमार मूल कैडर में भेजे गए
केंद्र ने ईडी के विशेष निदेशक सत्यव्रत कुमार को उनके मूल कैडर में भेजने का आदेश दिया है। कुमार ईडी के प्रमुख अन्वेषक हैं और उन्होंने देश के कुछ सबसे हाई-प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की निगरानी की है। इनमें नीरव मोदी, विजय माल्या और महादेव एप ऑनलाइन-सट्टेबाजी मामला शामिल है।
सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर कैडर के 2004 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी कुमार वर्तमान में कोलकाता स्थित ईडी मुख्यालय के पूर्वी क्षेत्र के प्रमुख के रूप में तैनात हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) की ओर से 30 मई को जारी आदेश के मुताबिक राजस्व विभाग (केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत) के प्रस्ताव को कुमार की प्रतिनियुक्ति अवधि में कटौती के साथ-साथ उनके मूल कैडर में तत्काल प्रभाव से वापस भेजने को मंजूरी दी गई। कुमार का ईडी में कार्यकाल अगले साल अक्तूबर तक था। महत्वपूर्ण मामलों की जांच में निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें 2022 में सेवा विस्तार दिया गया था। ईडी अधिकारियों के मुताबिक यह प्रत्यावर्तन का नियमित आदेश था। अधिकारी आईआरएस, आईपीएस जैसी विभिन्न सेवाओं से प्रतिनियुक्ति पर ईडी में आते हैं और फिर वे अपने मूल कैडर में वापस चले जाते हैं।
कोल इंडिया का उत्पादन 1.4 % घटा
सरकारी स्वामित्व वाली कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के उत्पादन में गिरावट आई है। पिछले महीने उसका उत्पादन 1.4 प्रतिशत घटकर 63.5 मिलयन टन (एमटी) रहा गया। कंपनी ने सोमवार को बीएसई को यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का उत्पादन 64.4 मीट्रिक टन था। अप्रैल-मई की अवधि में कोयला उत्पादन भी पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 126.2 मीट्रिक टन की तुलना में घटकर 125.6 मीट्रिक टन रह गया।
लक्ष्य से कम हुआ उत्पादन
घरेलू कोयला उत्पादन में सीआईएल का योगदान 80 प्रतिशत से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में, सीआईएल ने 781.1 मीट्रिक टन कोयला उत्पादन किया, जो कंपनी के वार्षिक लक्ष्य से लगभग सात प्रतिशत कम है। 2024-25 के लिए सीआईएल का कोयला उत्पादन लक्ष्य 838 मिलियन टन था। कोल इंडिया लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 875 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य रखा है।