नमक, चीनी या फैट में से एक भी ज्यादा तो पैकेट पर लगेगा लाल चेतावनी लेबल
केंद्र सरकार ने पैकेटबंद खाने के पदार्थों को लेकर नियमों एवं मानकों को और सख्त कर दिया है। अगर किसी खाने के उत्पाद में नमक, चीनी या फैट में से एक भी तत्व तय सीमा से अधिक पाया जाता है, तो उसके पैकेट पर लाल रंग का चेतावनी (वार्निंग) निशान लगाना अनिवार्य होगा। इसे 100 अरब डॉलर के फूड इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर यह जानकारी दी है। पहले के प्रस्ताव में नियम था कि जब कम से कम दो पोषक तत्व तय सीमा से अधिक होंगे, तभी चेतावनी निशान लगाया जाएगा। लेकिन, स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं एक्टिविस्ट्स के विरोध और सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणियों के बाद केंद्र ने दो पोषक तत्व वाली योजना को अब बदल दिया है। एफएसएसएआई ने कोर्ट को बताया, नए चेतावनी लेबल एक ही चरण में लागू होंगे। हालांकि प्राधिकरण ने सुप्रीम कोर्ट से इसके लिए और थोड़ा समय मांगते हुए कहा कि वह चार महीनों में इन लेबलिंग नियमों को अंतिम रूप देकर जारी कर देगा।